बरेली

Bareilly News: भूमाफिया ने गिराया मकान, जमीन पर किया कब्जा

Connect News 24

बरेली। भूमाफिया पर शासन, प्रशासन स्तर से हो रही कार्रवाई और भूमि कब्जामुक्त कराने की पहल से पीड़ितों को न्याय की आस है। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में एक महिला ने हाल में घोषित एक भूमाफिया पर मकान गिरवाकर भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की है।

संजय नगर त्रिमृर्ति भवन के पीछे रहने वाली रामदेई के मुताबिक उनके पति ने वर्ष 1991 में हजियापुर में 75 वर्ग गज का भूखंड खरीदा था। उसी पर मकान बनाकर रह रहे थे। आरोप है कि वर्ष 2003 में भूमाफिया के कर्मचारियों ने मिट्टी डालकर पहले जलनिकासी बंद कर दी। घर में और आसपास पानी भरने से वे परेशान हुए। तमाम शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई, आखिर में घर छोड़ने पर विवश हुए। तब भूमाफिया ने मकान की कीमत देने का झांसा देकर मकान तोड़ दिया। विरोध किया तो वे धमकाने लगे। भूमाफिया की पहुंच के चलते कहीं शिकायत भी नहीं की। अब कार्रवाई शुरू हुई तो उन्हें आस जगी। फरियाद लेकर समाधान दिवस पहुंची। एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय ने तहसीलदार और एसएचओ को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, सात दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

भोजीपुरा की वृद्धा रामवती ने अपने शिकायती पत्र में कहा कि उनकी तीन बीघा भूमि पर लगे पेड़ों को दबंगों ने काट दिया। शिकायत की तो कार्रवाई नहीं हुई। मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, काटे गए पेड़ों का मूल्यांकन कर धनराशि दिलाने की मांग की है। मुडिया अहमदनगर के ग्रामीणों ने तालाब कब्जामुक्त कराने की मांग की है।

43 शिकायतों में तीन का ही हो सका निस्तारण

समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित सर्वाधिक 21, पुलिस से आठ, विकास से दो, समाज कल्याण से दो और अन्य विभागों से जुड़ी 10 शिकायतें मिलीं। इसमें से मौके पर राजस्व विभाग की तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष 40 शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया है। एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय ने सात दिन में मामले की रिपोर्ट देने को कहा है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button