Bareilly News: आइए करें महादान, दूसरों को दें जीवनदान
बरेली। कारगिल शहीद दिवस के अवसर पर बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से तीन सौ बेड अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। सुबह 10 से शाम 3 बजे तक जिला अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित होने वाले शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईटीबीपी के कमांडेंट अशोक बिष्ट करेंगे। डिप्टी कमांडेंट डॉ. गौरव शर्मा विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
शिविर में आईटीबीपी के जवान, पुलिसकर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी, व्यापारी, एनसीसी के कैडेट्स व विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य, इनरव्हील क्लब सहित विभिन्न सामाजिक व खेल संगठनों समेत शहरवासी रक्तदान के लिए पहुंचेंगे। प्रत्येक महादानी को अमर उजाला की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
रक्तदान के फायदे
– रक्तचाप, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी, मलेरिया आदि की निशुल्क जांच।
– बोनमैरो बनने की दर बढ़ती है, खून के थक्के बनने की आशंका से निजात।
– नियमित रक्तदान से पांच फीसदी कम होता है हार्ट अटैक का खतरा।
– कम होती है त्वचा पर झुर्रियां, घटता है वजन, बढ़ती है चेहरे पर चमक।
ये लोग कर सकते हैं रक्तदान
– 18 से 60 साल तक की उम्र के स्वस्थ लोग।
– जिनका हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम डेसीलीटर या अधिक हो।
– 45 किलो से अधिक वजन के महिला-पुरुष।
– डायबिटिक लोग जिन्हें इंसुलिन की जरूरत न हो।



