Bareilly News: एलआईसी अधिकारी और ट्रक चालक के घर चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Thu, 21 Sep 2023 12:26 PM IST
बरेली। प्रेमनगर में एलआईसी और सीबीगंज के बंडिया गांव में ट्रक चालक के घर में घुसे चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।
एलआईसी किला ब्रांच में सहायक प्रशासनिक अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि वह त्रिवटीनाथ मंदिर के पास बने एलआईसी क्वार्टर में रहते हैं। 14 सितंबर को वह किसी काम से बाहर गए थे। घर में ताला लगा था। इसी रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर एक लैपटॉप, एक लाख रुपये, चार लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। जब वह वापस अपने आवास पर पहुंचे तब उन्हें चोरी का पता चला। प्रेमनगर थाना पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं। इधर, सीबीगंज के बंडिया गांव निवासी एजाज ट्रक चलाते है। घर में उनकी पत्नी सकीना जरी जरदोजी का काम करती हैं। रात 11 बजे तक काम करने के बाद वह दोनों बच्चों के साथ कमरे में सो गईं। सुबह आंख खुली तो सकीना को घर का दरवाजा खुला मिला। दूसरे कमरे में सारा सामान फैला पड़ा था। अलमारी में रखे पचास हजार रुपये और दो तोला सोने के जेवर समेत चांदी के कई गहनों को चोर ले गए। पुलिस ने परिवार व पड़ोसियों से बात कर चोरों के बारे में सुराग जुटाने की कोशिश की।
दंपती का घर दिन में ही खंगाला
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में धौरेरा माफी संत स्टेट कॉलोनी निवासी मोहित कुमार व उनकी पत्नी दोनों ही जॉब करते हैं। 18 सितंबर को दोनों ही काम पर गए थे। बेटा अक्षित सिंह स्कूल गया था। साढ़ू राहुल कटियार ने सूचना दी कि घर का ताला टूटा है। उन्होंने आकर देखा तो घर से जेवर और नकदी चोरी हो चुकी थी। इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट कराई गई है।



