Bareilly News: भूख हड़ताल पर बैठे महंत के सब्र का बांध टूटा, समर्थकों के साथ लगाया जाम
बिशारतगंज। जर्जर सड़क की मरम्मत और बिजली लाइन लगवाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे महंत विजय देवनाथ के सब्र का बांध टूट गया। मंगलवार को गुस्साए महंत ने रम्पुरा-अलीगंज मार्ग पर समर्थकों के साथ जाम लगा दिया। वहां पहुंची पुलिस से महंत की नोकझोंक हुई। काफी देर समझाने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुला। बाद में नायब तहसीलदार व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने महंत को मनाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
बेहटा बुजुर्ग गांव के प्राचीन शिव मंदिर के महंत योगी विजय देवनाथ रेलवे स्टेशन से भिंडौरा अड्डे तक की जर्जर सड़क की मरम्मत और अलीगंज विद्युत उपकेंद्र के लिए आंवला से अलग लाइन बनाने की मांग को लेकर समर्थकों के साथ रविवार से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। दो दिन तक कोई अधिकारी सुध लेने नहीं पहुंचा तो मंगलवार सुबह 9 बजे उन्होंने धरना स्थल के सामने रम्पुरा-अलीगंज मार्ग को जाम कर दिया। कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।
इस दौरान मरीजों के तीन वाहनों को जाने दिया। जाम की सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम अर्जुन सिंह यादव फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने महंत को जाम खत्म करने के लिए समझाने का प्रयास किया। लेकिन महंत अपनी जिद पर अड़े रहे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से खदेड़ दिया और वीडियोग्राफी करानी शुरू कर दी।
भीड़ के तितर-बितर होने के बाद महंत कुछ साधुओं के साथ अकेले ही सड़क के बीच डटे रहे। पुलिस ने सख्ती करने का प्रयास किया तो महंत की कई बार नोकझोंक हुई। महंत ने हाथ में चिमटा उठा लिया और अपने पेट में घोंपकर आत्महत्या की चेतावनी दी। इस पर पुलिस कुछ नरम पड़ गई।
मौके पर पहुंचे एसओ अलीगंज पुष्पेंद्रसिंह ने महंत को समझाया, तब तक पुलिस ने रोड से अवरोध हटाकर यातायात सुचारु कराया। जाम खुलने के बाद नायब तहसीलदार दीपक कुमार व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी वहां पहुंचे। महंत को भूख हड़ताल खत्म करने के लिए मनाने का प्रयास किया। महंत ने सड़क निर्माण शुरू होने तक भूख हड़ताल जारी रखने की बात कही।
मझगवां सीएचसी की टीम ने मंहत का स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बाबा राठौर ने बताया कि महंत का रक्तचाप व शुगर सामान्य है। रविवार से अब तक एक किलो वजन घट चुका है।



