Bareilly News: मेजर की बीडीओ पत्नी का मंगलसूत्र लूट ले गए बाइक सवार
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Thu, 11 May 2023 02:54 AM IST
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में ऑटो से उतरकर पैदल घर जा रही ग्राम विकास अधिकारी से बाइक सवार युवक मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। बारादरी पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
चंद्रगुप्तपुरम कॉलोनी सोनिया भदौरिया बिथरी ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी पद पर तैनात हैं। उनके पति सेना में मेजर हैं। सोनिया ड्यूटी से आने के बाद योग करने जाती हैं। मंगलवार शाम आठ बजे करीब वह योग की क्लास से लौटी थीं। वहां से ऑटो से उतरकर वह अपने घर जा रही थीं। साईं सुखदा अस्पताल और होटल राजमहल के बीच गली के पास पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर सोनिया के गले से सोने का मंगलसूत्र खींच लिया और फरार हो गए। सोनिया ने शोर मचाया तो काफी भीड़ एकत्र हो गई। सोनिया की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है।
0000
फुटेज के बाद भी नहीं पकड़े बाइक चोर
– सेटेलाइट चौराहे से पीलीभीत रोड पर अराजक तत्वों का शाम से ही राज हो जाता है। यहां पुलिस की मिलीभगत से किन्नर गैंग भी सक्रिय है। सेटेलाइट चौकी क्षेत्र में हाल ही में प्रदीप कुमार नाम के प्राइवेट कर्मचारी की बाइक घर के सामने से चोरी हो गई थी। प्रदीप ने इसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दी और स्थानीय चोरों के बारे में क्लू दिया पर आज तक उन्हें पकड़ा नहीं जा सका।



