Bareilly News: नवरात्र-त्योहार के लिए सज रहा बाजार, राहत के आसार
बरेली। पितृ पक्ष में बाजार की सुस्ती दो दिन बाद नवरात्र की शुरुआत के साथ दूर होने लगेगी। धीरे-धीरे बाजार चढ़ेगा और करवाचौथ, दशहरा, धनतेरस, दीपावली तक पिछले वर्ष के सापेक्ष करीब 20 फीसदी ज्यादा कारोबार होगा। यह उम्मीद शहर के व्यापारियों ने जताई है।
कारोबार से जुड़े संगठन पदाधिकारियों के मुताबिक धार्मिक मान्यता के चलते पितृ पक्ष पर जरूरत के सामान की ही खरीदारी होती है। जूलरी, वाहनों की खरीदारी और भवन निर्माण के साथ गृह प्रवेश नवरात्र के शुभ मुहूर्त से शुरू होते हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार बाजार पर मां की कृपा बरसेगी। अगले 30 दिन बाजार के लिए बहुत अच्छे साबित होंगे।
बताया कि ऑटोमोबाइल कंपनियों की ओर से ई-व्हीकल और हायब्रिड वाहन की नई रेंज बाजार में उतार रहे हैं। इसलिए त्योहार के सीजन में ग्राहकों को नए मॉडलों की भरमार मिलेगी। रेडिमेड और साड़ियों के साथ तांबे के बर्तनों की भी नई रेंज मंगाई है।
सर्दियों को देखते हुए गीजर, हीटर का आया स्टॉक
इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी कई नई रेंज त्योहारी सीजन के चलते मंगा ली गई हैं। कारोबारी हेमप्रीत के मुताबिक सर्दी का मौसम शुरू होने वाला है, इसलिए हीटर-गीजर के बारे में ग्राहकों की पूछताछ अभी से शुरू हो गई है। कंपनियों की ओर से एलईडी टीवी पर कई ऑफर मिलेंगे। मांग के अनुसार छोटी से बड़ी रेंज में कई कंपनियों के स्टॉक मंगा लिए गए हैं।
वाहन शोरूम में बढ़ी पूछताछ, एडवांस बुकिंग शुरू
चार पहिया कारोबारी अल्पित के मुताबिक नवरात्र से पहले ही जिले के अलग-अलग डीलरों के शोरूम पर करीब 200 कारों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। बाजार की स्थिति बेहतर है, जो आगे और अच्छी होने की उम्मीद है। वाहन कंपनियों की ओर से भी नई स्कीम जारी हो रही हैं। दो पहिया वाहन कारोबारी अंकुर अग्रवाल के मुताबिक सामान्य बाइक के साथ ही ई-बाइक की एडवांस बुकिंग चल रही है।
बीते साल का टूटेगा रिकॉर्ड
उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता के मुताबिक अब ग्राहक फेस्टिव मूड में आ रहा है। इसके लिए व्यापारी भी तैयार हैं। लिहाजा, बंपर बाजार की उम्मीद है। इस बार फसल बेहतर हुई है। धान का उत्पादन भी बेहतर रहा। ग्रामीण स्तर पर बाजार के बढ़ने से कारोबार में बढ़त होना तय है। बैंक भी लोन दे रही हैं। खुशहाली के पर्व में कारोबार बेहतर होगा।
साड़ियों, बर्तनों की बढ़ेगी खरीदारी
नवरात्र और करवाचौथ को ध्यान में रखते हुए साड़ी, बर्तन, जूलरी का बाजार सज गया है। साड़ी कारोबारियों ने ग्लास्ट इश्यू समेत नेट और सिल्क की साड़ियां महिलाओं काे लुभाएंगी। जूलरी, चूड़ी, मेकअप सामान के लिए मीना बाजार सज चुका है। बर्तनों में तांबे के जग, घड़े, फ्रिज की बोतलें, गिलास आदि की मांग ज्यादा होती है लिहाजा, आकर्षक डिजायन में नई रेंज मंगा ली गई हैं।



