Bareilly News: छेड़छाड़ को प्रेमप्रसंग और पेशबंदी बताकर खारिज कर रहे थानेदार
बरेली। सीबीगंज की घटना कोई नजीर नहीं बल्कि छेड़छाड़ के अधिकांश मामलों को पुलिस शुरू में गंभीरता से ही नहीं लेती। ऐसे मामलों को प्रेमप्रसंग या पेशबंदी बताते हुए खारिज करने की कोशिश की जाती है। बाद में जब किरकिरी की नौबत आती है तो कार्रवाई की जाती है। पुलिस की इस अनदेखी से ही शोहदों या ऐसी घटनाएं करने वालों को भी शह मिल रही है। पिछले दिनों में ऐसे कई मामले सुर्खियों में आए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री या उच्च स्तर के निर्देश पर अफसर तुरंत ऐसे में मामलों में कार्रवाई करा रहे हैं।
केस वन
मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाए तो लिखी रिपोर्ट
– सुभाषनगर थाना क्षेत्र की एक बस्ती में दुकान पर नौकरी करने वाली युवती के पीछे शोहदे बुरी तरह पड़ गए थे। महीने भर पहले छेड़छाड़ से आहत होकर युवती ने शिकायत की तो अधिकारियों के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई। बाद में जमानत पर छूटे युवक ने फिर पीड़ित को धमकाना शुरू कर दिया। रात में वह फिर साथियों संग युवती के घर में घुस गया। परेशान युवती को जब थाना पुलिस से मदद नहीं मिली तो उसने दरवाजे पर ””मकान बिकाऊ है”” लिखकर पोस्टर लगा दिया। बाद में एसएसपी के निर्देश पर रिपोर्ट लिखी गई।
केस टू
छेड़छाड़ से सहमी छात्राओं ने छोड़ा था कॉलेज जाना
– पिछले दिनों शाही थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के गेट पर छात्रा को शोहदे ने खींचकर छेड़छाड़ की कोशिश की थी। इससे दहशत का माहौल बन गया था। सहमी छात्राओं में से आधी से ज्यादा अगले दिन कॉलेज नहीं आईं। कई को उनके परिजनों ने रोक लिया। बाद में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया तो छात्राओं ने सामान्य रूप से कॉलेज आना शुरू कर दिया।
केस थ्री
नर्सिंग छात्राओं से छेड़छाड़-मारपीट में तीसरे दिन की रिपोर्ट
-पखवाड़े भर पहले मीरगंज की दो नर्सिंग छात्राओं के साथ फतेहगंज पश्चिमी में छेड़छाड़ की गई थी। छात्राएं रहपुरा मोड़ पर घर जाने के लिए खड़ी थीं। तभी फतेहगंज कस्बे के ही तीन लड़के एक बाइक पर आए और एक लड़की पर भद्दा कमेंट कर उसका दुपट्टा खींच लिया। लड़की गिरी तो उसकी सहेली ने शोहदों का प्रतिरोध किया। इस पर शोहदे उन्हें पीटकर फरार हो गए। इस मामले में तीसरे दिन रिपोर्ट दर्ज कर दूसरे समुदाय के तीनों आरोपी जेल भेजे गए।
वर्जन
– रेंज के चारों जिलों में महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई हो रही है। स्कूल, कॉलेजों के बाहर भी महिला पुलिस या सादा कपड़ों में पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। थाना स्तर पर लापरवाही मिलने पर तत्काल संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा रही है। सीबीगंज के मामले में भी थाना प्रभारी समेत लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। – डॉ. राकेश सिंह, आईजी रेंज
महिला उत्पीड़न के साथ लगाएं
महिला उत्पीड़न पर नहीं चेती सीबीगंज पुलिस, कप्तान से शिकायत
सीबीगंज। इलाके में छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने की घटना के बाद भी थाना पुलिस महिला अपराधों में लापरवाही बरत रही है। दबंगों की पिटाई से घायल महिला की थाने में सुनवाई न होने पर उसने हल्का दारोगा पर साठंगांठ का आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
थाना क्षेत्र के गांव तिलियापुर निवासी शहनाज अपने पति के साथ मंगलवार को बच्चों को दवा दिलाने बाइक से जा रही थी। परधौली मोड़ पर खना गौंटिया के छह लोगों ने उनकी बाइक रोककर बेवजह गालीगलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने दंपती को जमकर पीटा, जिससे पति-पत्नी घायल हो गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते फरार हो गए। पीड़ित सीबीगंज थाने पहुंचा और पुलिस को घटनाक्रम बताया। आरोप है कि हल्का दरोगा ने न तो उनका मेडिकल परीक्षण कराया और न कोई कार्रवाई की। साथ ही पीड़ित को धमकाकर थाने से भगा दिया। पीड़ित दंपती एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान से जाकर मिले, उन्होंने जांच के आदेेश दिए हैं। संवाद



