Bareilly News: मंत्री देखने पहुंचे, पिता ने की 25 लाख रुपये मुआवजे और नौकरी की मांग
मंत्री देखने पहुंचे, पिता ने की 25 लाख रुपये मुआवजे और नौकरी की मांग
बरेली। वन राज्यमंत्री अरुण सक्सेना बृहस्पतिवार शाम छात्रा का हाल जानने मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों व परिवारीजन से बात की। छात्रा के पिता ने उनसे कहा कि बेटी का जीवन व भविष्य बर्बाद हो गया है। उसे कम से कम 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दिलाने का काम किया जाए। यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी अभी तक उन लोगों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता नहीं मिली है। बेटी का इलाज भी आयुष्मान कार्ड पर ही चल रहा है। परिवार के लोग शुक्रवार को अधिकारियों से मिलकर अपनी मांग लिखित में भी देंगे। मंत्री ने मुख्यमंत्री तक परिवार की बात पहुंचाने का आश्वासन दिया। ब्यूरो
शराब की दुकान ने बिगाड़ा गांव का माहौल, नहीं सुनते अफसर
बरेली। छात्रा के अधिवक्ता ताऊ ने गांव में हो रहे गलत कामों के लिए स्कूल के पास डेढ़ साल पहले खुली शराब की दुकान को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने बताया कि आबकारी अधिकारी से लेकर एसडीएम सदर तक से वह लंबे समय से लिखित में शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद आज तक शराब की दुकान नहीं हट सकी।
बताया कि छात्रा के स्कूल से सटी इस दुकान पर गांव के तमाम आवारा लड़के शराब पीने आते हैं। गांव के अधिकांश लोग हलवाई का काम करते हैं और दूसरे शहरों में रहते हैं। घरों में उनके बेटे व महिलाएं ही रहती हैं। इनमें से कई लड़कों ने पढ़ाई छोड़ दी है और शराब पीने के साथ ही कई गलत कामों में पड़ गए हैं। वह फिर से इसकी शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि पुलिस सीसीटीवी व सर्विलांस से जांच कर रही है, घटना में ज्यादा आरोपी भी हो सकते हैं। ब्यूरो
खड़ौआ के पास मिल गई साइकिल
बरेली। छात्रा की साइकिल घटना के बाद से नहीं मिल पा रही थी। बताया गया था यह घटनास्थल से कुछ दूरी पर पड़ी थी जिसे कोई ग्रामीण उठा ले गया था। बाद में जानकारी होने पर साइकिल परिवार को सौंप दी गई। छात्रा के ताऊ ने बताया कि पुलिस को भी ये बात बता दी गई है। ब्यूरो



