Bareilly News: शोहदों की शिकार बेटियों के पास पुलिस से पहले पहुंचा मौत का पंजा
बरेली। छेड़छाड़ की घटनाओं में पुलिस की अनदेखी कई मामलों में जानलेवा भी साबित हुई है। पहले भी कई मामले ऐसे हुए हैं जिसमें शिकायत को पुलिस ने हल्के में लिया और छोटे मामले गंभीर घटनाओं में तब्दील हो गए। लड़कियों की मौत होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई।
केस -1
छात्रा की मौत के बाद मिनी बाईपास किया था जाम
जुलाई में इज्जतनगर इलाके की छात्रा स्कूल से लौट रही थी। छात्रा के साथ गांव के लड़के ने रास्ते में छेड़छाड़ की। छात्रा के भाई ने छेड़छाड़ करने वाले युवक की पिटाई कर दी थी। इज्जतनगर पुलिस ने छात्रा के भाई के खिलाफ ही मारपीट की रिपोर्ट लिख ली। आरोप है कि इसके बाद शोहदे ने छात्रा को सैनेटाइजर पिला दिया जिससे छात्रा की मौत हो गई। पुलिस कार्रवाई से आहत छात्रा के परिजनों ने मिनी बाइपास जाम लगा दिया था। कई थानों की पुलिस को बुलाना पड़ा था। शोहदे की गिरफ्तारी के बाद जाम खोला गया था। सवाल उठ रहे थे कि पुलिस समय कार्रवाई करती तो शायद छात्रा की जान नहीं जाती।
केस 2
साथी छात्र ने वीडियो वायरल किया तो छात्रा ने खाया जहर
– देवरनियां कस्बे की छात्रा का वीडियो बनाकर 15 अगस्त को साथी छात्र ने वायरल कर दिया था। वीडियो वायरल होने की जानकारी पुलिस को लगती, इससे पहले ही किसी ने छात्रा के परिजनों को यह वीडियो दिखा दिया। हिंदू संगठन के लोगों को वीडियो के बारे में पता चला तो हंगामा किया गया। तब जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरु की। इस बीच देवरनियां थाना पुलिस ने छात्रा की काउंसलिंग नहीं कराई। अवसादग्रस्त छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी।
केस 3
अश्लील मेसेज से तंग छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी
– आंवला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा को शोहदा अलग-अलग नंबरों से अश्लील व धमकी भरे मेसेज कर परेशान करता था। छात्रा ने अपनी मां को इस बारे में बताया था। मां ने पुलिस से शोहदे की शिकायत करने का फैसला किया, इससे पहले ही छात्रा इस कदर परेशान हुई कि उसने बीती सात अगस्त को फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया।



