Bareilly News: सिडनी में दिखा लघु भारत…गूंजे भारत माता के जयकारे
बरेली। 23 मई की सुबह से ही आस्ट्रेलिया में सिडनी के ओलंपिक पार्क का नजारा बदला हुआ था। सभी के हाथ में तिरंगा, सड़कों पर आसपास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदमकद के कटआउट और स्थानीय भारतीयों में पीएम के स्वागत का विशेष उत्साह दिखाई दे रहा था। आयोजन स्थल ओलंपिक पार्क लघु भारत के रूप में नजर आ रहा था। पार्क को विशेष रूप से सजाया गया था।
बरेली की बेटी सारिका ने अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में वहां हाल बयां किया। वह पति संदीप के साथ प्रधानमंत्री का भाषण सुनने पहुंची थी। बताया कि सभागार में नरेंद्र मोदी का भाषण सुनने के लिए पास पाने के लिए लोगों में होड़ लगी थी। हालांकि कुछ को निराशा ही हाथ लगी, क्योंकि सभागार में सिर्फ 21 हजार लोग ही बैठ सकते थे।
प्रेमनगर के ब्रजलोक कॉलोनी की सारिका व उनके पति सिडनी में अपनी कंपनी चलाते हैं। बकौल सारिका 23 की सुबह से ओलंपिक पार्क में गहमा-गहमी बढ़ गई थी। करीब चार किलोमीटर क्षेत्र में फैले पार्क को सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी निगरानी में ले लिया। पास दिखाने और कड़ी तलाशी के बाद ही पार्क में प्रवेश दिया जा रहा था। सभागार में प्रधानमंत्री का भाषण शाम छह बजे था, मगर आयोजन स्थल पर लोग सुबह 11 बजे ही पहुंचने शुरू हो गए थे। सिडनी के अलावा ब्रिस्बेन, मेलबर्न और केनबरा से भी बड़ी संख्या में भारतीय भाषण सुनने आए थे।
सभागार के बाहर भी भाषण सुनने के लिए कई स्क्रीन लगाई गई थीं। मंच के ऊपर व दाएं-बाएं भी बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। तय समय से पहले ही सभी लोग पहुंच गए और 45 मिनट पहले ही सभी 15 दरवाजों को बंद कर दिया। प्रधानमंत्री के आने से पहले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रधानमंत्री के आते ही पूरा सभागार भारत माता की जय और मोदी-मोदी के नारे से गूंज उठा। भाषण शुरू होते ही एकदम खामोशी छा गई।
सभागार के बाहर भी हजारों की संख्या मे लोग मौजूद थे। पूरा ओलंपिक पार्क एक लघु भारत के रूप मे नजर आ रहा था। इस दौरान दाऊद बोहरा समुदाय के अलावा दक्षिण भारत, गुजरात, पूर्वोत्तर भारत, ओड़ीसा, बंगाल, उत्तर भारतीय समाज के हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री का भाषण बड़ी तन्मयता से सुना।



