Bareilly News: कांवड़िये को पत्थर मारा, भीड़ ने थाने के सामने लगाया जाम
शेरगढ़ (बरेली)। कस्बे से गुजर रहे कांवड़ियों के जत्थे पर दूसरे समुदाय के युवक ने पत्थर फेंक दिया। इससे एक कांवड़िया घायल हो गया तो आक्रोशित साथियों ने थाने के सामने हंगामा व नारेबाजी की। सात थानों का फोर्स और अधिकारी पहुंचे तो उन्हें मनाया जा सका। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शेरगढ़ से कांवड़ियों का जत्था बुधवार शाम गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ था। शाही रोड पर निकले कांवड़िये मस्ती में झूमते-गाते जा रहे थे। इस दौरान अय्यूब दवाखाना के पास से गुजरते कांवड़ियों को दूसरे समुदाय के युवक ने पत्थर मार दिया। पत्थर लगने से रवि गंगवार नाम का कांवड़िया जख्मी हो गया। जत्थे को गुजारने के लिए साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया।
थाने के सामने लगा दीं बाइक, बोले- बुलडोजर चलवाओ
पुलिस आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ करने लगी। पता लगा कि वह कस्बा के वार्ड आठ निवासी अबरेज है। इसी दौरान कांविड़यों ने फोन कर दिया तो कस्बे से भी कई लोग पहुंच गए। कांवड़ियों के साथ मिलकर इन लोगों ने थाने के सामने आड़ी-तिरछी बाइक लगा दीं। इससे थाने के बाहर रोड पर जाम लग गया। कांवड़ियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों पर पथराव करने वालों पर बुलडोजर चलाने की जरूरत है।
सात थानों की पुलिस मौके पर
शेरगढ़ थाना प्रभारी ने हंगामे की सूचना एसएसपी को दी तो उन्होंने सीओ बहेड़ी व सीओ नवाबगंज को तत्काल मौके पर भेज दिया। इसके साथ ही शेरगढ़, बहेड़ी, नवाबगंज, शीशगढ़, फतेहगंज पश्चिमी, शाही व देवरनिया थानों के प्रभारी भी अपने यहां से पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंच गए। नगर के चेयरमैन बुद्धसेन मौर्या, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रमोद अग्रवाल, दिनेश शर्मा व राघवेंद्र पाठक आदि समाजसेवी भी वहां आ गए। सभी ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तो लोग शांत हुए। कांवड़ियों के जत्थे को आगे रवाना किया गया।
पत्थर फेंकने वाले आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। कस्बे में शांति है। पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। – प्रभाकर चौधरी, एसएसपी



