Bareilly News: सुबह-सुबह रिमझिम बारिश, सात डिग्री लुढ़का पारा
बरेली। करीब माहभर से तपिश सह रहे लोगों को मंगलवार सुबह हुई दो घंटे की रिमझिम और दिनभर मंडराते रहे बादलों से खासी राहत मिली। मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के मुताबिक मंगलवार को छह मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान में सात डिग्री तक गिरावट हुई। अगले तीन दिन और अनुकूल माहौल बने रहने पर हल्की बारिश और घने बादल मंडराने के आसार जताए हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि रूहेलखंड क्षेत्र में पिछले करीब सप्ताह भर से पश्चिमी विक्षोभ बना है, लेकिन निम्न वायुदाब के चलते सक्रिय नहीं हो रहा था। सोमवार शाम को निम्न वायुदाब क्षेत्र बनने पर बादल घिरे और रिमझिम शुरू हुई। रात में हल्की ठंड होने से न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार सुबह छह बजे से आठ बजे तक हल्की बारिश हुई। दिनभर घने बादल मंडराते रहे। हल्की धूप निकली पर बेअसर रही। दोपहर में अधिकतम तापमान सात डिग्री गिरावट के बाद सामान्य से पांच डिग्री कम 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अनुकूल माहौल बनने पर अगले तीन दिन तक और हल्की, मध्यम बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद हवा में नमी 68 फीसदी दर्ज की गई।
20 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी हवा
मौसम विभाग ने निम्न वायुदाब के क्षेत्र में उच्च वायुदाब की हवा का प्रवेश होने से कुछ स्थानों पर 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार है। ऐसी स्थिति में लोगों को आवाजाही के दौरान वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रोककर ठहरने का सुझाव दिया है और हेलमेट पहनने के लिए कहा है।
सलाह : बारिश में न भीगें
डॉक्टर बारिश के बाद रोटा वायरस के और सक्रिय होने की आशंका जता रहे हैं। फिजिशियन डॉ. अकीक के मुताबिक बारिश के बाद इंफेक्शन बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में जिन लोगों में डायरिया या हीट स्ट्रोक के लक्षण रहे हैं, वह सावधानी बरतें। जरा सी बेपरवाही उन्हें गंभीर बीमार बना सकती है। लोगों को बारिश में भीगने से बचने, खुले में रखे खाद्य पदार्थ का सेवन न करने की सलाह दी है।



