Bareilly News: ननदोई ने की छेड़खानी… शिकायत पर पुलिस ने कहा कोई वीडियो हो तो दिखाओ
बरेली। घरजमाई बनकर ससुराल में रह रहे ननदोई पर महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। जब वह शिकायत करने चौकी गई तो पुलिस ने सबूत के तौर पर छेड़खानी का वीडियो मांगा। इससे वह हैरत में पड़ गई और चौकी से लौट आई। एसएसपी ने जांच का आदेश दिया है।
बाकरगंज चौकी क्षेत्र की निवासी महिला ने बताया कि पांच फरवरी को उसकी ननद की शादी हुई थी। तभी से ननदोई उनके घर में ही रह रहा है। शादी के कुछ समय बाद से वह उन पर बुरी नीयत रखता है। उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी तो इसकी शिकायत सास और ननद से की। इन लोगों ने आरोप झूठा बताकर उन्हें ही पीटना शुरू कर दिया। अब ननदोई अक्सर छेड़खानी करता है लेकिन उसके खिलाफ शिकायत घर में कोई शिकायत नहीं सुनता। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
महिला ने बताया कि 26 जुलाई को वह बाकरगंज चौकी में शिकायत करने गई। वहां पुलिसकर्मियों ने उससे छेड़खानी का सबूत मांगा। एक सिपाही ने कहाकि वीडियो हो तो दिखाए। उनकी बातें सुनकर वह चौकी से लौट आई। अगले दिन थाने गई तो वहां भी सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को महिला पूरे प्रकरण की शिकायत करने एसएसपी दफ्तर पहुंची। वहां उसने पूरा घटनाक्रम बताया। एसएसपी कार्यालय में शिकायत सुन रहे अधिकारियों से आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
इधर, बाकरगंज चौकी प्रभारी सत्यवीर सिंह पुंडीर का कहना है कि ननद अपने मायके की संपत्ति में हिस्सा चाहती है। भाई भाभी इसे देने के लिए तैयार नहीं हैं। दोनों पक्ष में इसी बात को लेकर काफी समय से विवाद है। अब एक दूसरे पर फर्जी आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है। छेड़खानी का सबूत मांगने का पुलिस पर लगा आरोप गलत है।



