Bareilly News: नया रंग-रूट… बिना तैयारी लागू फरमान, चालान पर ई-रिक्शा चालकों ने किया हंगामा

ई रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष ने कलक्ट्रेट में दिया ज्ञापन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के छह रूटों पर ही कलर कोडिंग के साथ ई-रिक्शा के संचालन की व्यवस्था ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को बिना तैयारी के लागू कर दी। तय रूटों से इतर जाते ही पुलिस ने चालान काटना शुरू किया तो ई-रिक्शा चालक भड़क गए। सिविल लाइंस स्थित प्रसाद सिनेमा के पास पांच-छह सौ की संख्या में एकजुट कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
भीड़भाड़ वाले इलाके में हंगामा-प्रदर्शन होने से पुराना रोडवेज अड्डा, नावल्टी, पटेल चौक, चौकी चौराहा की ओर जाने वाला यातायात फंस गया। दो से तीन घंटे तक जाम की स्थिति रही। अब शनिवार को जनसेवा ई-रिक्शा ऑटो एसोसिएशन दामोदर पार्क में धरना देगी।
ई-रिक्शा के बेतरतीब संचालन से शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे निपटने के लिए 18 जुलाई को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारियों और ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें कलर कोडिंग के साथ ई-रिक्शा संचालन के लिए छह रूट तय किए गए। 31 जुलाई तक अस्थायी स्टैंड बनाकर संचालन किया जाना था।



