बरेली

Bareilly News: सुरक्षा मांगने आए नवदंपती काे एसएसपी कार्यालय के बाहर पीटा

Connect News 24

बरेली। एसएसपी से सुरक्षा मांगने आए नवदंपती से एसएसपी कार्यालय के गेट पर परिजनों ने मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस हमलावरों को थाने ले गई। इसका वीडियो वायरल हो गया है।

सुनील (23) ने बताया कि वह चार साल पहले दिल्ली घूमने गए थे। वहां दिल्ली निवासी कुमकुम (20) से प्यार हो गया। इसकी जानकारी कुमकुम के परिवार के लोगों को हुई और उन लोगों ने विरोध किया। वह आए दिन मारपीट कर कुमकुम को प्रताड़ित करते थे। कुमकुम घर से निकलकर बिलवा में उसके घर आ गई। 18 अप्रैल को जिला संभल के चंदौसी के एक मंदिर में शादी कर ली। दोनों ही बालिग हैं और शादी के लिए जरूरी औपचारिकता पूरी करके बिलवा में रहने लगे हैं।

यह लोग कुछ दिन से खतरा भांप रहे थे। सोमवार को एसएसपी दफ्तर में सुरक्षा की गुहार लगाते हुए शिकायती पत्र देने आए थे। कचहरी चौराहे से पत्र टाइप कराकर एसएसपी दफ्तर की ओर चले। आरोप है कि दफ्तर के बाहर ही कुमकुम की मामा, मां और अन्य लोगों ने कुमकुम को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। सुनील से भी मारपीट की गई। राहगीरों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी, इधर एसएसपी दफ्तर में तैनात महिला पुलिसकर्मी भी बाहर आ गईं। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर महिला थाने भेजा और जांच पड़ताल की।

सदर कोतवाल हिमांशु निगम ने बताया कि दिल्ली में संपर्क किया तो वहां कुमकुम की गुमशुदगी दर्ज है। ऐसे में दोनों पक्षों को चेतावनी देकर अपने घरों को भेज दिया है। दिल्ली पुलिस को इनकी लोकेशन बता दी गई है। वहीं की पुलिस कोर्ट के जरिये बयान कराकर स्थिति तय करेगी। नवदंपती यहां रहेंगे तो सुरक्षा दी जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button