बरेली

Bareilly News: कोचों में पानी नहीं, गंदगी के बीच सफर कर रहे लोग

Connect News 24

बरेली। ट्रेनों में यात्रियों की दुश्वारियां कम नहीं हो रहीं। लेट-लतीफी तो आम बात है। इस बीच ट्रेनों में पानी खत्म होने, एसी खराब होने, गंदगी, खाने-पीने के सामान की ओवररेटिंग की शिकायतें लगातार आ रही हैं। इनके निस्तारण में अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं।

यात्रियों को ट्रेनों में पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। रविवार को राजधानी और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के कोचों में पानी खत्म होने की शिकायतें रहीं। 20506 राजधानी एक्सप्रेस के कोच नंबर बी-पांच और बी-छह में पानी खत्म होने की शिकायत का डीआरएम ने संज्ञान लिया। बरेली जंक्शन पर ट्रेन के कोचों में पानी भरने के निर्देश दिए। चार घंटे देरी से चल रही 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के कोच नंबर ए-एक में पानी खत्म हो गया। 14314 बरेली-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के कई कोचों में भी पानी खत्म होने से यात्रियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। यह ट्रेन बरेली से ही चलती है।

इसके अलावा 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 14314 लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस से भी एसी खराब होने, पानी खत्म होने और गंदगी के साथ ट्रेन के आरक्षित कोचों में अनारक्षित यात्रियों की भीड़ को लेकर शिकायतें की गईं। बरेली जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी ने कुछ ट्रेनों को अटेंड भी किया।

शिकायत प्रणाली सरल, खेद जताने तक सीमित कार्रवाई

रेलवे ने शिकायत प्रणाली को काफी सरल कर दिया है। कंट्रोल रूम इन शिकायतों का सीधा संज्ञान लेता है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। शिकायतकर्ता से असुविधा के लिए खेद जता दिया जाता है।

रामगंगा ब्रिज पर बढ़ाई सुरक्षा

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रामगंगा ब्रिज पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रविवार को इंस्पेक्टर जीआरपी अजीत प्रताप सिंह ने भी रामगंगा ब्रिज का निरीक्षण किया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button