Bareilly News: अब फतेहगंज पश्चिमी में दो छात्राओं से छेड़खानी, विरोध पर पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Mon, 25 Sep 2023 01:44 AM IST
फतेहगंज पश्चिमी। इलाके के एक कॉलेज की छुट्टी होने के बाद घर आ रही दो छात्राओं से बाइक सवार तीन लड़कों ने छेड़खानी की। मीरगंज के एक गांव की दो लड़कियां फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के एक कॉलेज में पढ़ती हैं। वह नगर में किराए पर रहती हैं। शनिवार को दोनों कॉलेज से लौट रही थीं। पीछे से आए बाइक सवार तीन लड़कों ने एक छात्रा का दुपट्टा खींच लिया। छात्राओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। राहगीर जुटे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। रविवार को परिजनों के साथ थाने पहुंचीं छात्राओं ने कस्बे के निवासी शिवा चौधरी, अभिषेक सिंह, कृष्ण शर्मा के खिलाफ छेड़खानी की तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।



