Bareilly News: अफसर नदारद, समाधान लापता
आंवला। संपूर्ण समाधान दिवस अधिकारियों की लापरवाही की वजह से रस्म अदायगी बनता जा रहा है। शनिवार को तहसील सभागार में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कई विभागों के अधिकारी पहुंचे ही नहीं। ऐसे में फरियादियों को भटकना पड़ा। डीएम ने बिना सूचना गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
यहां कुल 122 शिकायतें आईं। इनमें से सिर्फ आठ का ही निस्तारण हो सका। बड़ी संख्या में शिकायतें संबंधित विभाग के अधिकारियों के उपस्थित न होने की वजह से निस्तारित ही नहीं हो पाईं। शिकायतकर्ता भी मायूस होकर लौट गए। अधिकारियों के न आने से डीएम भी उखड़े हुए दिखे। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से लेने और तय समयसीमा में उनका निस्तारण करने के लिए कहा। शिकायतकर्ताओं का फीडबैक भी लेने को कहा।
डीएम ने तहसील परिसर में पौधरोपण किया। रेलवे स्टेशन रोड स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। यहां पर एसडीएम गोविंद मौर्य, सीओ दीपशिखा, एसपी क्राइम मुकेश प्रताप, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह आदि मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
समाधान दिवस में गैनी गांव के ग्रामीणों ने अवैध कब्जा हटवाने के लिए प्रदर्शन किया। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भी इस मामले को प्रभारी मंत्री के सामने उठाया था। प्रदर्शन करने वालों में हुकुम बहादुर, नन्हें, रामौतार, अशोक, प्रीतम आदि शामिल रहे।
78 में से 11 शिकायतों का ही निस्तारण
बहेड़ी। समाधान दिवस में पहुंची 78 शिकायतों में से 11 का ही मौके पर निस्तारण हो सका। रेतबाड़ा गांव के ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। एडीएम (प्रशासन) दिनेश कुमार ने तीन सदस्यीय कमेटी गठितकर शिकायत का निस्तारण करने की बात कही। यहां एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा, एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय, तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
खड़ंजा उखाड़ने वाले पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश
फरीदपुर। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव बहगुलपुर में दबंगों ने खड़ंजा उखाड़कर रास्ता बंद करने के लिए वहां दीवार खड़ी कर दी। संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत होने के बाद आईजी डॉ. राकेश सिंह ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
दर्ज कराई शिकायत में गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि खड़ंजा करीब 10 साल पुराना है। पुलिस से इसकी शिकायत भी की गई थी। राजस्व टीम और पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच भी की मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 82 शिकायतें आईं। एसडीएम निधि डोंडवाल, तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह, सीओ गौरव सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक तिवारी, दिव्यांशी सिंह आदि मौजूद रहे।
छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर किया हंगामा
नवाबगंज। छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर मटकापुर गांव के किसानों ने हंगामा किया। गांव के चंद्रपाल ने बताया कि कुछ दिन पहले वह लोग छुट्टा पशु लेकर अधकटा नजराना गांव में बनी गोशाला गए थे। गोशाला संचालक ने पशुओं को वहां रखने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि छुट्टा पशु फसल बर्बाद कर रहे हैं, इन्हें गोशाला भिजवाया जाए। एसडीएम नहने राम ने एडीओ पंचायत आशीष भटनागर को मौके पर जाकर पशुओं को गोशाला में रखवाने के आदेश दिए। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए।
पंचायत सहायकों ने काम के दौरान आने वाली परेशानियों और समय पर मानदेय न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। यहां कुल 56 शिकायतें आईं। इनमें से 11 का ही मौके पर निस्तारण हुआ। नायब तहसीलदार रजनीश सक्सेना, एबीएसए विवेक शर्मा आदि मौजूद रहे।
अवैध कब्जे की सबसे अधिक शिकायतें
मीरगंज। एसडीएम देश दीपक सिंह, तहसीलदार प्रज्ञा सिंह और नायब तहसीलदार नम्रता मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 26 शिकायते आईं। इनमें से सबसे अधिक 13 शिकायतें राजस्व से संबंधित थीं। बिजली और विकास की तीन, आपूर्ति विभाग की चार, शिक्षा विभाग की दो और एक अन्य शिकायत आई। संवाद



