Bareilly News: श्यामगंज में हो रही थी रेल टिकटों की कालाबाजारी, एक गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sun, 25 Jun 2023 01:48 AM IST
बरेली। आरपीएफ और विशेष जांच शाखा ने श्यामगंज इलाके में जनसेवा केंद्र पर आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। 18 हजार रुपये से ज्यादा के रेल टिकट भी बरामद हुए हैं।
बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटीकुइयां निवासी नाजिम कुरैशी का श्यामगंज में सैलानी रोड पर जनसेवा केंद्र है। वह यहां कॉफी समय से आरक्षित रेल टिकटों की कालाबाजारी कर रहा था। नौ पर्सनल आईडी के जरिये आईआरसीटीसी की साइट से टिकट बुक करने के बाद अधिक दामों में बेचता था। शनिवार को आरपीएफ की विशेष जांच शाखा मुरादाबाद ने आरपीएफ के एसआई नवल सिंह के साथ छापा मारा। छापे के दौरान 18 हजार रुपये से ज्यादा के टिकट मिले। इनमें 14 हजार से ज्यादा आरक्षित टिकटों पर यात्रा की जा चुकी थी। टीम ने रेल टिकट बुक करने में इस्तेमाल किया जाने वाला लैपटॉप भी कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ रेल एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


