Shahjahanpur News: हाईवे पर टूट रहे यातायात नियम, जा रही जान

मासूमों की जिंदगी से खिलबाड़,शाहजहांपुर में चार बच्चों के साथ विक्की पर जाते दम्पत्ति।संवाद
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव दिलावरपुर के पास शुक्रवार तड़के दो बच्चों समेत पांच लोगों की हादसे में मौत के बाद भी कोई सतर्कता नहीं बरती गई। शहर में यातायात पुलिस चौकस नजर आई तो हाईवे पर यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ती रहीं। दो पहिया पर बिना हेलमेट और चार पहिया वाहनों पर लोग बिना सीट बेल्ट सफर करते नजर आए। क्षमता से अधिक सवारियां लेकर डग्गामार भी फर्राटे भरते दिखे।
सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू होने पर लोगों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया जाता है। हादसों के आंकड़े दिखाकर नियमों का पालन करते हुए सफर करने पर जोर दिया जाता है, लेकिन उसके बाद सभी भूल जाते हैं। पांच लोगों की मौत के बाद शनिवार को भी शाहजहांपुर से पुवायां रोड पर एक बाइक पर सवार तीन से चार युवक सफर करते नजर आए। उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था। वह सिंधौली थाने से लेकर पुवायां तक पहुंच गए, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने की जरूरत नहीं समझी।
अधिकतर मामलों में हेलमेट नहीं लगाने से बाइक सवारों की जान जाती है। उसके बाद भी हेलमेट का प्रयोग कराने को लेकर सख्ती नहीं करने से पुलिस और प्रशासन गुरेज कर रहा है। इसी तरह डग्गामार वाहन क्षमता से अधिक सवारी लेकर फर्राटें भर रहे हैं। शाहजहांपुर, पुवायां, खुटार, निगोही, तिलहर, मीरानपुर कटरा समेत सभी जगहों पर डग्गामार वाहन बिना खौफ के दौड़कर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।
सड़क पर बड़े गड्ढे, आए दिन होते रहते हैं हादसे
सिंधौली। लखनऊ-पलिया हाईवे पर जगह-जगह बडे़-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में घरों से निकलने वाला पानी भरने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। इन गड्ढों में फंसकर वाहनों की कमानी टूटना आम बात है। कस्बे के वाशिंदों ने डीएम को पत्र भेजकर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है। मुख्य मार्ग होने के बाद भी हाइवे के गड्ढों को दुरुस्त नहीं कराया जा रहा। इस सड़क से अधिकारी से लेकर नेता तक गुजरते हैं, उसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा। इसके चलतते आए दिन हादसे होते रहते हैं। गड्ढों की वजह से ई-रिक्शा और ऑटो पलट जाते हैं। संवाद
डिवाइडर टूटने के चलते अंधेरे में होते हैं हादसे
भावलखेड़ा। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर ग्राम मौजमपुर के सामने डिवाइडर तोड़ दिया गया है। इससे बाइक सवार निकलते हैं। रात्रि में स्ट्रीट लाइटें न चलने से अंधेरे की वजह से हादसे हो रहे हैं। छह माह के भीतर 23 मौतें हो चुकी हैं। ग्राम प्रधान मौजमपुर डॉ. ब्रजपाल ने डीएम को पत्र भेजकर रोड किनारे रेलिंग लगवाने तथा डिवाइडर की मरम्मत कराने की मांग की है। संवाद
जनवरी से 31 मई तक हुए चालान
– 7445 चालान बिना हेलमेट पहने वाहन चलाने वालों के हुए
– 651 चालान बिना सेल्ट बेल्ट लगाए चलने पर हुए
-218 लोगों पर मोबाइल से बात करने पर कार्रवाई की गई।
– 4388 वाहन चालकों पर गलत साइड में चलने पर चालान हुए।
-91 वाहन ओवरस्पीड मिलने पर कार्रवाई की गई।
-13 लोगों पर शराब पीकर वाहन चलाने पर चालान किए गए।
-37975 चालान आईटीएमएस के जरिये रेड लाइट तोड़ने पर किए गए।
-48 लाख 12 हजार रुपये का राजस्व यातायात पुलिस ने प्राप्त किया है।
इस वर्ष अब तक हुए हादसे-
-349 सड़क हादसे यातायात पुलिस की फाइलाें में इस वर्ष दर्ज हुए हैं।
-193 लोगों की सड़क हादसाें में मौत हो गई।
-188 लोग हादसाें में जख्मी भी हुए हैं।
एआरटीओ ने चलाया अभियान, आठ वाहन सीज किए गए
एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आठ वाहन सीज गए। इनसे आठ लाख रुपए जुर्माना वसूला गया। शनिवार की रात नेशनल हाईवे पर थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र, अल्हागंज में ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की। क्षमता से अधिक माल भरा होने पर वाहनों को सीज कर दिया गया।
नेशनल और स्टेट हाईवे के ब्लैक स्पॉट
रोजा में जमुका-टी प्वाइंट, रामचंद्र मिशन में हरदाेई बाईपास,तिलहर में नगरिया मोड़, कटरा में खैरपुर चौराहा ब्लैक स्पॉट है। इसी तरह स्टेट हाइवे पर जलालाबाद में कोलाघाट पुल, मिर्जापुर में जरियनपुर मोड़,अल्हागंज में हुल्लापुर चौराहा, कांट में ददरौल मोड़ और जमौर मोड़, निगोमी में मिश्रीपुर को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया।
हेलमेट व ट्रिपल राइडिंग को लेकर लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं। लोगों को ध्यान रखना चाहिए कि बाइक पर अधिक लोगों को नहीं बैठाए। हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें।
– शांतिभूषण पांडेय, एआरटीओ प्रवर्तन
शहर में यातायात पुलिस नियमाें का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के निर्देश के बाद हाईवे पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
– चंद्र किरण राव, ट्रैफिक प्रभारी

मासूमों की जिंदगी से खिलबाड़,शाहजहांपुर में चार बच्चों के साथ विक्की पर जाते दम्पत्ति।संवाद

