बरेली

Bareilly News: रोडवेज बसों की ऑनलाइन सेवाएं 12 दिन बाद बहाल

Connect News 24

बरेली। रोडवेज की ऑनलाइन सेवाएं सोमवार को 12 दिन के बाद बहाल हो गईं। इसके बाद रोडवेज की जनरथ और शताब्दी श्रेणी की एसी बसों में ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है। बरेली और रुहेलखंड डिपो में सोमवार से ईटीएम (ई टिकट मशीन) से टिकट जारी करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। हालांकि, अभी बदायूं और पीलीभीत में ईटीएम से टिकट जारी करने में समस्या बनी हुई है।

रोडवेज की वेबसाइट पर 25 अप्रैल को हैकर्स ने हैक कर ली थी। इसके बाद पूरा डाटा क्रैश होने के साथ रोडवेज की ऑनलाइन सेवाएं ठप हो गईं। सर्वर ठप होने से ईटीएम ने काम भी बंद कर दिया। दो दिन तक रोडवेज बसों का संचालन भी बेपटरी रहा। इसके बाद मैनुअल टिकट काटकर बसों का संचालन शुरू किया गया। रीजन की सभी 662 ईटीएम भी जमा करा ली गई थीं। मुख्यालय स्तर से उसी समय से ऑनलाइन सेवाओं को बहाल करने की कवायद शुरू कर दी गई। इसमें 12 दिन का समय लगा है। सोमवार को ऑनलाइन सेवाएं बहाल हो गईं।

अधिकारियों का कहना है कि अगले दो दिन में बदायूं और पीलीभीत रीजन में भी ईटीएम से टिकट जारी करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। सोमवार को ऑनलाइन सेवाएं शुरू होने के बाद पहले दिन रोडवेज की एसी बसों में 65 यात्रियों ने टिकट बुक कराए हैं। बरेली रीजन में जनरथ और शताब्दी श्रेणी की 52 एसी बसें हैं।

टिकट जारी करने के दौरान हैंग हो रहीं ईटीएम

ऑनलाइन सेवाएं बहाल होने के बाद बरेली और रुहेलखंड डिपो में ईटीएम से टिकट बनाने काम शुरू हो गया है। हालांकि, इस दौरान ईटीएम हैंग होने की शिकायतें आ रही हैं। बरेली की 197, रुहेलखंड की 195, बदायूं की 165 और पीलीभीत डिपो के पास 105 ईटीएम हैं। रेली और रुहेलखंड डिपो की अभी सभी ईटीएम ने काम शुरू नहीं किया है।

ऑनलाइन सेवाएं शुरू हो गई हैं। किसी तरह की समस्या की शिकायत नहीं है। रीजन के सभी डिपो में मंगलवार से ईटीएम मशीनें भी काम शुरू कर देंगी। – दीपक चौधरी, आरएम


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button