बरेली

Bareilly News: परिचालक लापता, चार घंटे खड़ी रहीं रोडवेज की बसें

Connect News 24

बरेली। रोडवेज की लापरवाही यात्रियों पर भारी पड़ रही है। निर्धारित समय से चलते वाली बसों के लिए भी यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। शनिवार को बरेली-पलिया, बरेली-पीलीभीत और बरेली-लखीमपुर बस सेवा के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। दरअसल, रुहेलखंड डिपो के टाइम ऑफिस से बसों पर चालकों की ड्यूटी तो लगा दी गई, लेकिन परिचालक नहीं भेजे गए। ऐसे में बसें सेटेलाइट बस स्टैंड पर ही खड़ी रहीं। सीधी बस सेवा के तहत संचालित अन्य कई बसें भी परिचालकों की कमी के कारण प्रभावित हुईं।

रीजन की 150 बसें चुनाव ड्यूटी में हैं। इस बीच सहालग के सीजन के बीच यात्रियों का दबाव काफी बड़ा हुआ है। यात्रियों के दबाव के बीच बसों का संचालन गड़बड़ा रहा है। बरेली से पलिया के बीच सीधी बस सेवा है। सुबह दस बजे सेटेलाइट से पलिया के लिए बस का समय निर्धारित है। शनिवार को चालक और बस सेटेलाइट समय से पहुंच गई, लेकिन परिचालक न होने के कारण यह बस चार घंटे की देरी से दोपहर दो बजे के बाद रवाना हो सकी। पीलीभीत, फर्रुखाबाद और लखीमपुर खीरी की बसें भी तीन घंटे की देरी से रवाना हुई।

टाइम ऑफिस से इन बसों पर चालकों के साथ परिचालकों की ड्यूटी न लगाए जाने के कारण यह समस्या सामने आई। कई अन्य रूटों की बसों का भी शनिवार को समय से संचालन न होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सेटेलाइट पर अन्य डिपो की बसों की संख्या भी घटी

सेटेलाइट बस स्टैंड पर रोजाना करीब 90 जिलों की 360 बसें आती हैं। इनमें यूपी के अलावा उत्तराखंड और हरियाणा की बसें भी शामिल हैं। यूपी में इन दिनों निकाय चुनाव होने के कारण लगभग सभी जिलों से रोडवेज बसों का अधिग्रहण चुनाव के लिए किया गया है। ऐसे में सेटेलाइट बस स्टैंड पर आने वाली बसों की संख्या कम हो गई है। इन दिनों इसका फायदा डग्गामार भी उठा रहे हैं। बसें उपलब्ध न होने के कारण यात्रियों को भी मजबूर डग्गमार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

सात अक्षम चालकों की बसों पर ड्यूटी से बड़ी समस्या

– रुहेलखंड डिपो में इन दिनों सबसे ज्यादा समस्याएं सामने आ रही हैं। दरअसल, यहां परिचालकों के साथ चालकों की भी कमी है। चालकों को कई-कई दिन अवकाश नहीं मिल रहा। दूसरी ओर चालकों की संख्या का कोरम पूरा करने के लिए प्रबंधन ने यहां सात अक्षम चालकों की बसों पर ड्यूटी लगा दी है। यह बीमार और शारीरिक रूप से अक्षम होने के कारण बसों को चला नहीं पा रहे। इस कारण भी बसों का संचालन समय सारिणी के अनुसार नहीं हो पा रहा।

बसों का संचालन निर्धारित समय पर हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अगर कहीं पर कोई लापरवाही हुई है तो कार्रवाई की जाएगी। – दीपक चौधरी, आरएम


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button