Bareilly News: पुलिस से हिस्ट्रीशीटर को छुड़ा ले गए लोग
बरेली। कलक्ट्रेट के पास हिस्ट्रीशीटर ने ग्राम पंचायत सदस्य पर हमला बोल दिया। तमंचा तानकर उन्हें पीट दिया। बताते हैं कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया तो उसके वकील और साथी उसे छुड़ा ले गए। कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर पर एफआईआर दर्ज की है।
सिरौली के गांव लिलौर सहसा निवासी मनोज सिंह बुधवार को ग्राम पंचायत के संचालन के लिए कमेटी गठन की बैठक में शामिल होने डीएम कार्यालय आ रहे थे। कलक्ट्रेट से पहले ही सिरौली थाने के हिस्ट्रीशीटर मनजीत सिंह ने तमंचा दिखाकर उन्हें रोक लिया और लात घूंसों से पिटाई कर दी। लोगों ने बचाया तो आरोपी ने मनोज को कमेटी में शामिल होने पर जान से मारने की धमकी दी।
सूचना पर स्टेशन रोड चौकी पुलिस ने आरोपी मनजीत को पकड़ लिया। मनोज के मुताबिक मौके पर आए एक वकील और कुछ लोग उसे छुड़वाकर साथ ले गए। मनोज की शिकायत पर कोतवाली में मनजीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना के बाद मनोज की अध्यता में कमेटी गठित
मनोज के मुताबिक डेढ़ साल पहले राजीव कॉलोनी निवासी हिस्ट्रीशीटर मनजीत सिंह ने घर में घुसकर उनसे मारपीट और रंगदारी मांगी थी। वह समझौते का दबाव बना रहा था। उसने प्रधान के पति से कई लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए और वसूली करने लगा। शिकायत पर प्रधान के खिलाफ जांच बैठी तो उसके अधिकार सीज कर दिए गए। अफसरों ने प्रधान की जगह तीन सदस्यीय कमेटी गठन का आदेश दिया। ग्राम पंचायत सदस्य मनोज सिंह, धीरज, वीरपाल, सुखवीर, सुनीता देवी, मल्लू देवी को कलेक्ट्रेट बुलाया गया था। घटना के बाद भी मनोज बैठक में शामिल हुए। उनकी अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई और उन्हें प्रधान के अधिकार देकर प्रमाणपत्र दिया गया।



