बरेली

Bareilly News: बिजली कटौती से पेयजल को तरसे लोग

Connect News 24

फतेहगंज पूर्वी। गर्मी बढ़ने के साथ फॉल्ट भी बढ़ने लगे हैं। मंगलवार को अंधरपुरा फीडर की 33 केवी लाइन में हुए फॉल्ट के चलते कस्बा समेत आसपास के कई गांव में बिजली सप्लाई बाधित रही।

भीषण गर्मी में बिजली न आने से लोग बेहाल हो गए। पेयजल के लिए जूझना पड़ा। फॉल्ट की जानकारी के लिए जब उपभोक्ताओं ने अधिकारियों के सीयूजी नंबर पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ आता रहा।लोगों ने बताया कि 33 केवी लाइन बुरी तरह से जर्जर हो गई है। आए दिन होने वाले फॉल्ट के चलते कई-कई घंटे के लिए सप्लाई बाधित हो जाती है। शिकायत के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही।

शाम चार बजे 33 केवी लाइन की मरम्मत कर सप्लाई बहाल की गई। मगर 15 मिनट बाद ही मोहल्ला मुगलान में जर्जर केबल जलने की वजह से सप्लाई बंद कर दी गई। बिजली की अघोषित कटौती को लेकर फरीदपुर एसडीओ सतीश जायसवाल और अवर अभियंता अश्विनी कुमार से बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

मरम्मत के चलते तीन दिन झेलना होगा बिजली संकट

आंवला। जर्जर लाइनों की मरम्मत के चलते क्षेत्र के उपभोक्ताओं को शुक्रवार तक बिजली संकट झेलना होगा। अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश पाल ने बताया कि 33 केवी उपकेन्द्र पुन्नापुर की जर्जर लाइन के कंडक्टर बदलने का काम बुधवार से शुक्रवार तक किया जाएगा। इसके चलते रहटुईया, सिरौली, अलीगंज विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में सप्लाई आंशिक रूप से बाधित रहेगी। इसके साथ ही जबकि पुन्नापुर और बरसेर उपकेंद्र से सप्लाई सुबह नो से शाम पांच बजे तक पूरी तरह से बंद रहेगी। संवाद

बिजली चोरी पर 10 के खिलाफ रिपोर्ट

भुता। बिजली निगम की टीम ने मंगलवार को केसरपुर गांव में छापा मारकर 10 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। चोरी के आरोप में इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उपखंड अधिकारी भगवान दास ने बताया कि गांव निवासी जाकिर अली, सोमवती, मिथिलेश कुमारी, जयपाल, सत्य प्रकाश, छोटे लाल, मुख्तियार अहमद, एहसान अली, रहीस अहमद और आसमा बेगम का कनेक्शन बीते दिनों बकाये पर काट दिया गया था। बिल जमा किए बगैर ही इन लोगों ने कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल शुरू कर दिया। जांच में चोरी पकड़े जाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button