Bareilly News: सद्दाम की गिरफ्तारी में पुलिस नाकाम, गुड्डू बमबाज और अरमान भी वांछित
बरेली। अशरफ से जुड़े मामले में बिथरी पुलिस एक बार चार्जशीट लगा चुकी है। जबकि विवेचना बी पार्ट में जारी है। सद्दाम की गिरफ्तारी में नाकाम रही पुलिस अब गुड्डू बमबाज और अरमान को भी तलाश रही है। विवेचना के दौरान मुकदमे में इनको भी आरोपी के तौर पर शामिल किया गया है।
बिथरी पुलिस के साथ ही बरेली, लखनऊ और प्रयागराज की एसटीएफ छह माह में सद्दाम को पकड़ने में नाकाम रही हैं। उमेश पाल हत्याकांड से पहले बरेली जिला जेल में जो आरोपी आए थे, उनमें गुड्डू बमबाज का चेहरा बिल्कुल साफ था। इस लिहाज से वह उसी वक्त से फरार आरोपी की श्रेणी में है। विवेचना के दौरान आतिन और अरमान के नाम प्रयागराज पुलिस ने वीडियो की पहचान करके बताए थे। आतिन जफर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की एक चुनौती कम हुई है पर सद्दाम, गुड्डू बमबाज व अरमान अब भी पकड़ से दूर हैं।
सूत्र बताते हैं कि सद्दाम के साथ जेल में जाकर शातिब भी अशरफ से मुलाकात करता था। सद्दाम के गांव का शिब्ली प्रधान भी सद्दाम के कमरे पर रुकता था। शिब्ली ने भी अशरफ से मुलाकात की थी। इनके कई फोटो भी वायरल हुए थे। प्रयागराज का तनवीर खान भी सद्दाम के साथ कुछ दिन शहर में रहा था। ये लोग लल्ला गद्दी के सहारे शहर के लड़कों से दोस्ती गांठ रहे थे। गुर्गों की अशरफ से मुलाकात कराने के लिए इन्हीं लड़कों की आईडी का इस्तेमाल करते थे। अशरफ और सद्दाम के गुर्गों ने अपना लकी नंबर 16 बना रखा था। ये लोग अपने वाहनों के नंबर 0016 ही लेते थे। 16 नंबर अतीक अहमद, अशरफ और सद्दाम के गुर्गों की खास पहचान बन गई थी।
बिथरी में दर्ज मुकदमे में सद्दाम ही मुख्य आरोपी है, जिसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। विवेचना के दौरान गुड्डू बमबाज व अरमान के नाम प्रकाश में आए हैं पर उनके खिलाफ दूसरे जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहां की पुलिस भी इनकी तलाश कर रही है। – राहुल भाटी, एसपी सिटी



