Bareilly News: फॉल्ट के बाद गुल हुई बिजली, आक्रोशित भीड़ ने घेरा सबस्टेशन
फतेहगंज पूर्वी। अंधरपुरा फीडर से विद्युत उपकेंद्र तक आने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने से कस्बा सहित आसपास के कई गांवों में आपूर्ति ठप हो गई। 26 घंटे बाद भी फॉल्ट की मरम्मत न होने से गुस्साए उपभोक्ताओं ने सबस्टेशन का घेराव कर दिया। सूचना पर चेयरमैन संजय पाठक भी पहुंच गए। देर रात आपूर्ति बहाल हुई।
मंगलवार को बारिश शुरू होने के साथ ही ज्यादातर इलाको में बिजली गुल हो गई थी। बिजली न आने की वजह से इन्वर्टर भी जवाब दे गए। लगातार बारिश होने की वजह से फॉल्ट की मरम्मत करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली निगम के कर्मचारियों ने बताया कि हरेली गांव के पास 33 केवी लाइन पर एक पेड़ टूटकर गिर गया। इसके अलावा कई जगह इंसुलेटर फुंकने के मामले भी सामने आए हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे फॉल्ट की मरम्मत करने के बाद आपूर्ति शुरू भी कराई गई मगर करीब दो घंटे बाद ही फिर से फॉल्ट हो गया। लगातार बारिश की वजह से पेट्रोलिंग करने में भी मुश्किल हो रही थी।
रात में मोमबत्ती जलाकर लोगों ने खाना बनाया। 26 घंटे बाद भी फॉल्ट की मरम्मत न होने से आक्रोशित लोग सबस्टेशन पहुंच गए। आपूर्ति चालू कराने के लिए वह हंगामा करने लगे। सूचना पर चेयरमैन संजय पाठक पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाया। करीब नौ बजे कस्बे की आपूर्ति बहाल हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में रातभर बिजली गुल रही। एसडीओ फरीदपुर सतीश जायसवाल ने बताया कि बारिश में जगह-जगह पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए हैं। टीमें फॉल्ट सही करने में लगी हैं जल्द सभी जगह आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
33 केवी लाइन पर गिरा पेड़, कई गांवों की आपूर्ति ठप
सिरौली। हरिदासपुर गांव के निकट 33 केवी लाइन पर मंगलवार रात बारिश के दौरान पेड़ गिरने से कस्बा सहित कई गांवों की बिजली ठप हो गई। पिछले 20 घंटे से बिजली न आने की वजह से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। कस्बे में लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। इन्वर्टर डिस्चार्ज होने की वजह से लोग मोबाइल चार्ज करने के लिए भी भटकते नजर आए। सबस्टेशन पर कॉल करने पर वहां बैठे कर्मचारियों ने कॉल रिसीव नहीं की। संवाद



