बरेली

Bareilly News: सबस्टेशन पर तालाबंदी करने के आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज

Connect News 24

अलीगंज। अलीगंज सबस्टेशन पर तालाबंदी कर आपूर्ति ठप करने के मामले में पुलिस ने 13 नामजद और 50 से 55 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसडीओ ने बाबा विजयदेव नाथ सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। वहीं, दूसरे दिन भी सबस्टेशन के बाहर प्रदर्शन जारी रहा।

एसडीओ सतेन्द्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को बाबा विजयदेव नाथ ने क्षेत्र के कुछ गांव के साथ अलीगंज सबस्टेशन में घुसकर कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को जबरन बाहर कर 84 गांवों की बिजली ठप करा दी थी। एसडीओ ने कर्मचारियों से अभद्रता करने, क्षेत्रीय लोगों में अराजकता फैलाने तथा सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया। उपकेंद्र परिचालक शिवकुमार को धमकाया भी। कंट्रोल रूम का दरवाजा भी बंद कर दिया गया। एसडीओ ने बताया कि पहले भी यह लोग अभद्रता कर चुके हैं।

बाबा के खिलाफ पहले भी दर्ज हुए हैं मुकदमें

वर्ष 2017 में शाहजहांपुर जिला के गढ़िया रंगीन थाने में थानाध्यक्ष के तबादले को लेकर विजयदेव नाथ कुछ लोगों के साथ थाना परिसर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने थाना परिसर में तोड़-फोड़ तथा आगजनी करने की धमकी देने के साथ थानाध्यक्ष को झूठे केस में फंसाने की भी चेतावनी दी गई। स्थानीय पुलिस ने विजयदेव नाथ समेत छह नामजद तथा सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बिशारतगंज थाने में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।

दूसरे दिन भी जारी रहा प्रदर्शन

– दिनभर ठप रही 84 गांवों की आपूर्ति, देर रात हुई बहाल

अलीगंज। सबस्टेशन पर बाबा विजयदेव नाथ के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन के चलते 84 गांवों में बिजली आपूर्ति दिनभर ठप रही। देर रात प्रदर्शनकारियों ने लाइन जोड़ने दी। बुधवार को करीब 200 प्रदर्शनकारी धरना स्थल पर मौजूद रहे।

धरना में शामिल होने आए लोगों ने बुधवार को बिजलीघर में ही अपने खाने-पीने का इंतजाम भी कर लिया। लोग खाना बनाने के लिए सिलिंडर और बर्तन आदि साथ लेकर आए। क्षेत्र में दो दिन से बिजली गुल होने के बाद भी बिजली निगम का कोई भी बड़ा अधिकारी अलीगंज नहीं पहुंचा। विजयदेव नाथ का कहना है कि धरना तब तक जारी रहेगा जब तक समस्याओं का हल नहीं हो जाता। उन्होंने एसडीओ आंवला और जेई अलीगंज से बात करने से साफ इन्कार किया है। उन्होंने चीफ इंजीनियर को मौके पर बुलाने की मांग की।

करीब 8:30 बजे बिजली निगम के कुछ कर्मचारी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बात की। इसके बाद अलीगंज, बिशारतगंज देहात और पिपरिया फीडर से आपूर्ति शुरू की गई। सूदनपुर फीडर पर फॉल्ट के चलते यहां से जुड़े गांवों में बिजली गुल रही। धरना प्रदर्शन में बेहटा बुजुर्ग, सिसौना, बीबनी, बचेरा, अलीगंज, सूदनपुर, गुजरहाई, धनेती खरगपुर, मटियार, गैनी, शिवनगर आदि गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। बारिश से बचने के लिए प्रदर्शनकारियों ने तिरपाल डाल लिया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button