Bareilly News: थमेगी डग्गामारी, गांवों तक रोडवेज बसें दौड़ाने की तैयारी
बरेली। त्योहारी सीजन में मंडल के 477 गांवों तक रोडवेज बसों को दौड़ाया जाएगा। परिवहन विभाग और रोडवेज की संयुक्त टीम ने इन गांवों को चिह्नित कर लिया है। दिवाली तक इन गांवों तक रोडवेज बस सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
नेशनल व स्टेट हाईवे के साथ प्रमुख जिला मार्गों से 1.50 किमी तक की दूरी वाले गांवों तक शासन ने रोडवेज बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए कहा है। बरेली के अलावा पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं में ऐसे 477 गांवों को चिह्नित कर सूची रोडवेज मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। शाहजहांपुर के चिह्नित गांवों तक बस सेवा मुहैया कराने की जिम्मेदारी हरदोई रीजन की होगी।
बरेली रीजन को हाल ही में शासन ने 76 नई बसें उपलब्ध कराई हैं। इनमें 30 बसें नवरात्र में ही मिल जाएंगी। गांवों तक बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी।
डग्गामारों की मनमानी पर लगेगा अंकुश
गांवों तक बस सेवा शुरू होने के बाद काफी हद तक डग्गामार वाहनों के संचालन पर भी अंकुश लगेगा। दरअसल, जिन गांवों को चिह्नित किया गया है, वहां यातायात का प्रमुख साधन डग्गामार वाहन ही हैं। इनके कारण हादसे भी होते हैं। इनके संचालन से रोडवेज और परिवहन विभाग को भी राजस्व का नुकसान होता है।
वर्जन
शासन का गांवों तक बेहतर परिवहन सेवा उपलब्ध कराने पर जोर है। परिवहन विभाग और रोडवेज ने मिलकर मंडल के ऐसे गांवों और रूटों का सर्वे किया है। दिवाली से पहले इन रूटों पर रोडवेज बस सेवा शुरू कराने की तैयारी है। – संजय सिंह, उपायुक्त परिवहन


