बरेली

Bareilly News: विवि और कॉलेजों में विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश का कार्यक्रम जारी

Connect News 24

बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तिथि बढ़ाए जाने के बाद अब विवि परिसर और कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया फिर शुरू हुई है। रिक्त सीटों के सापेक्ष मेरिट जारी की जा रही है। वहीं, प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं।

विश्वविद्यालय के विधि संकायाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह के मुताबिक एलएलएम रेगुलर, साइबर लॉ, ह्यूमन राइट्स एंड ड्यूटीज के स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में प्रवेश होंगे। 29 सितंबर को विधि विभाग में सुबह 10.30 बजे से काउंसलिंग होगी। बीते दिनों आयोजित प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी ही प्रवेश के लिए अर्ह होंगे। एलएलएम रेगुलर द्विवर्षीय पाठ्यक्रम में 30 सामान्य, तीन ईडब्ल्यूएस और स्ववित्तपोषित साइबर लॉ और ह्यूमन राइट्स में 30-30 सामान्य और तीन ईडब्ल्यूएस की सीटें हैं। इनमें प्रवेश के लिए एलएलबी, बीएएलएलबी पास होना जरूरी है। बताया कि प्रवेश संबंधी विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड है। काउंसलिंग में सभी दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा।

बरेली कॉलेज का पोर्टल खुला, कर सकेंगे आवेदन

– 30 सितंबर प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि, फिर नहीं होगी सुनवाई

बरेली। बरेली कॉलेज में परास्नातक की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 27 सितंबर से पोर्टल फिर से खोल दिया गया है। 30 सितंबर शाम पांच बजे तक ही पोर्टल पर आवेदन होंगे। एमए दर्शनशास्त्र, सांख्यिकी, उर्दू, संस्कृत, अर्थशास्त्र, एमएससी सैन्य अध्ययन, एमकॉम ईडब्ल्यूएस में प्रवेश होंगे।

मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा के मुताबिक इनके अलावा विभागवार रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए भी मेरिट जारी हुई है। एमए पॉलिटिकल साइंस की ओपन कटऑफ 58.51 से 56.58 तक है। ओपन नॉन स्ट्रीम की 67.71 से 45.30 तक, ओबीसी की 50.79 से 47.33 तक है। इनके अलावा फिजिक्स की भी मेरिट लिस्ट बरेली कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर है।

बताया कि पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के तहत ही प्रवेश होंगे। एमए पॉलिटिकल साइंस, फिजिक्स व अन्य विषयों में सीटें रिक्त होने पर वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों का प्रवेश होगा। प्रवेश शुल्क जमा करने में असुविधा होने पर अभ्यर्थी सेमिनार कक्ष में सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक संपर्क कर सकते हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button