बरेली

Bareilly News: रेलवे की जमीन से मजार हटाने का विरोध, माहौल गरमाया, पुलिस और पीएसी तैनात

Connect News 24

बरेली। इज्जतनगर के परतापुर चौधरी रोड नंबर पांच के पास स्थित सिद्धार्थनगर में रेलवे की ओर से अपनी जमीन से मजार हटाने के प्रयास पर सोमवार को माहौल गरमा गया। मुस्लिम समुदाय के लोग मजार हटाने का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए। थोड़ी देर बाद हिंदू समुदाय के लोग भी जुटने लगे। माहौल बिगड़ने की आशंका में पुलिस और पीएसी को बुलाया गया। फिलहाल मजार हटाने का काम रोक दिया गया है।

मजार हटाने के लिए रेलवे की ओर से कई बार नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन नहीं हटाई गई। इस पर सोमवार को डीआरएम रेखा यादव के आदेश पर रेलवे ने मजार हटाने की कार्रवाई शुरू करा दी। काफी तादाद में पुलिस, पीएसी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे तो इलाके में सूचना फैल गई कि मजार को हटाया जा रहा है। इस पर मुस्लिम समुदाय के लोग भी वहां पहुंच गए। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी मजार हटाने के विरोध में आ गए। करीब आधा-पौन घंटा हंगामा चलता रहा। इस बीच कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। ऐसे में माहौल गरमा गया। एहतियात के तौर पर और फोर्स मंगा लिया गया। मजार हटवाने का काम रोक दिया गया। फिलहाल मजार के पास पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। गौर करने की बात यह है कि मजार हटवाने के लिए रेलवे का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा था।

आज डीआरएम से मिलेगा दरगाह आला हजरत का प्रतिनिधि मंडल

बरेली। दरगाह आला हजरत ने मजार को हटवाने के प्रयास का विरोध किया है। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि मंगलवार को दरगाह का प्रतिनिधि मंडल डीआरएम से मिलेगा। हजरत सय्यद बशीरुद्दीन बाबा की मजार 100 वर्ष पुरानी है। सोमवार को दरगाह के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी ने एक प्रतिनिधि मंडल तहरीक तहफ्फुज-ए-सुन्नियत (टीटीएस) के जिलाध्यक्ष मंजूरखान और महानगर अध्यक्ष आसिफ रजा के नेतृत्व में परतापुर भेजा। मौके पर मुजाहिद रजा, सय्यद माजिद अली, काशिफ सुब्हानी, इशरत नूरी आदि रहे।

वर्जन-

रेलवे की जमीन पर बनी मजार अवैध है। इसे हटाने के लिए कई नोटिस दिए जा चुके हैं। सोमवार को मजार हटाई जानी थी, लेकिन कुछ लोगों ने विरोध करके माहौल खराब करने की कोशिश की। इस कारण काम रोक दिया गया है। पुलिस-प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है। रेलवे की जमीन को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया जाएगा।

– राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर रेल मंडल


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button