बरेली

Bareilly News: लैपटॉप के कैमरे में काला टेप लगाएं, फोन दिन में एक बार जरूर ऑफ करें

Connect News 24

बरेली। साइबर अपराधी कहीं भी बैठकर आपके फोन या लैपटॉप को हैक कर सकता है। इसलिए एहतियात के तौर पर लैपटॉप के कैमरे में काला टेप लगाकर रखें। मोबाइल फोन दिन में एक बार जरूर स्विच ऑफ करें। शुुक्रवार को जयनारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एएसपी विक्रम दहिया ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचने के टिप्स दिए।

उन्होंने कहा कि अगर आप इंटरनेट और सोशल साइट्स का इस्तेमाल करते हैं तो यह मानना कि इसमें कोई रिस्क नहीं है… यही सबसे बड़ा रिस्क है। इसके इस्तेमाल के वक्त यह अंदाजा नहीं होता है कि आपका दुश्मन कौन है? वह किस तरह आपको नुकसान पहुंचा सकता है? इसलिए इसमें बहुत ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।

अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विद्यालय में साइबर अपराध पर जागरूकता के लिए पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें विद्यार्थियों ने साइबर अपराध से जुड़े सवाल किए और एएसपी ने उनके जवाब दिए। उन्होंने अपने अनुभव भी साझा किए। प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण ने सभी का आभार जताया।

जानिए, क्या होता है साइबर क्राइम

हर वह घटना जो इंटरनेट के जरिये घट रही है, साइबर की दुनिया है। अगर उसका सहारा लेकर अपराध किया जा रहा है तो वह साइबर अपराध है। इसमें आईडेंटिटी थेफ्ट यानि पहचान की चोरी, मॉनेटरी थेफ्ट यानि पैसों की चोरी, साइबर बुलिंग यानि इंटरनेट के जरिये किसी को अनावश्यक परेशान करना, साइबर टेरेरिज्म यानि सोशल नेटवर्किंग साइट्स का इस्तेमाल करके आतंकवाद को बढ़ावा देना, साइबर फिशिंग यानि लोगों को जाल में फंसाना, साइबर स्टॉकिंग यानि इंटरनेट के जरिये पीछा करना और वायरस आदि भेजकर किसी के सिस्टम का डाटा चोरी करना या अन्य अपराध करना शामिल है।

सवालों के दिए जवाब, बताए बचने के तरीके

साइबर अपराध से बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

-सोशल मीडिया पर उन्हीं लोगों से जुड़ें, जिन्हें अच्छी तरह जानते हैं। फिर भी अगर अपराध होता है तो सोशल साइट को रिपोर्ट कर सकते हैं। दूसरा और बेहतर विकल्प है कि आप साइबर थाने में शिकायत करें। कुछ समझ न आने पर 112 पर भी शिकायत कर सकते हैं।

मॉनेटरी थेफ्ट से किस तरह बच सकते हैं?

सोशल साइट्स पर दिखने वाले अनजान लिंक को क्लिक न करें। कोई कॉल करके जल्दी पैसे भेजने के लिए कह रहा है, या खाते से जुड़ी जानकारी मांग रहा है तो संदेह करें। सतर्कता बरतें। फिर भी अगर अपराध हुआ है तो बिना घबराए 24 घंटे से पहले साइबर थाने को सूचना दें।

साइबर के जरिये आतंकवाद से कैसे बचा जा सकता है?

– साइबर के जरिये आतंकवाद बहुत तेजी से बढ़ रहा है। किसी भी भड़काऊ या गलत बात के झांसे में न आएं। अपने परिवार या धर्म के खिलाफ कही जा रहीं बातों से पहले ही दूरी बना लें। हर बात सबसे पहले परिवार से साझा करें।

साइबर स्टॉकिंग से कैसे बच सकते हैं ?

-अपनी वास्तविक स्थिति, लोकेशन, परिवार की तस्वीरें, किसी कार्यक्रम की तस्वीरें आदि तुरंत सोशल मीडिया पर अपलोड न करें। हर छोटी- छोटी बात को इंटरनेट या सोशल साइट्स पर डालना भी ठीक नहीं है। इससे कोई भी व्यक्ति आपकी गतिविधियों से वाकिफ हो सकता है।

लैपटॉप या फोन के इस्तेमाल में किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

– लैपटॉप के फ्रंट कैमरे पर हमेशा काला टेप लगाकर रखें। जरूरत होने पर ही हटाएं। काम खत्म होेने के बाद लैपटॉप को स्लीप मोड पर बंद करके रखें। कितनी भी जरूरत होने पर पुराने मोबाइल फोन न खरीदें। रोज इस्तेमाल करने वाले फोन को भी दिन में एक बार स्वीच ऑफ जरूर करें।

माता-पिता को जरूर जागरूक करें

एएसपी ने बताया आपके माता-पिता आसानी से साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं। इसकी वजह यह है कि उनके लिए इस तरह की जागरूकता कार्यशालाएं नहीं होती हैं। आप इस कार्यशाला में हैं और काफी कुछ सीखा है। बेहतर विकल्प यह है कि आपने जो भी सीखा है वह अपने माता-पिता को जरूर बताएं। उन्हें यह भी बताएं की पुलिस उनकी मित्र है और मदद के लिए हमेशा तैयार है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button