Bareilly News: पीडब्ल्यूडी ने 70 लाख से सड़क बनाई, जल निगम ने कर दी खोदाई
बरेली। शहर की सड़कें बदहाल हैं। ऊपर से विभागों की मनमानी से हालात और खराब हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने किला पुल की क्राॅसिंग के निकट से अलखनाथ मंदिर होते हुए कुदेशिया फाटक तक 70 लाख रुपये खर्च कर जून में जो सड़क बनाई, सीवर लाइन डालने के लिए जल निगम ने उसे खोद दिया। दोनों महकमों में तालमेल होता तो सड़क के नवीनीकरण से पहले सीवर लाइन का काम हो जाता। ऐसे में सड़क क्षतिग्रस्त नहीं होती।
श्यामगंज से कालीबाड़ी तक की सड़क हो या फिर डीपीपुरम से स्टेडियम रोड, कई स्थानों पर गड्ढे हैं। यह स्थिति तब है जब सीएम से लेकर डीएम तक अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दे रहे हैं। डीडीपुरम के दंत चिकित्सक डॉ. ललित अग्रवाल ने बताया कि महकमों की मनमानी की वजह से आम लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। शहर की सड़कों को जल्द ठीक कराया जाए।
आधी सड़क बंद, आवागमन मंद
अलखनाथ मंदिर के करीब मुख्य मार्ग पर सीवर लाइन जोड़ने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया है। हादसे से बचने के लिए गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है। वहां आधी से ज्यादा सड़क घिर गई है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
इनकी भी सुनिए… (आमने-सामने लगाएं)
सड़क की खोदाई के लिए जल निगम ने अनुमति मांगी थी। इस शर्त के साथ अनुमति दी गई है कि जल निगम पहले एक गड्ढे को ठीक करेगा, फिर दूसरा खोदेगा। अगर जल निगम ने पहले बताया होता तो वह सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद ही सड़क का नवीनीकरण करते। -नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
– दो माह तक सावन की वजह से खोदाई नहीं कराई गई, फिर उर्स के कारण काम रुका रहा। अब तेजी के साथ सीवर लाइन जोड़ने का काम कराया जाएगा। इस दौरान सड़क में जो भी गड्ढे होंगे, उसे तीन दिन में ठीक करा देंगे। – अरुण प्रताप, सहायक अभियंता, जल निगम



