Bareilly News: ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाकर रेलवे ने कमाए 9.36 करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Wed, 12 Jul 2023 12:49 AM IST
बरेली। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल ने जून 2023 में ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाकर रिकॉर्ड 9.36 करोड़ रुपये कमाए। इस दौरान मालभाड़ा से भी मुरादाबाद रेल मंडल को 32.37 करोड़ रुपये मिले हैं। मुरादाबाद मंडल के तहत संचालित होने वाली ट्रेनों में जून में 49.32 लाख यात्रियों ने आरक्षित टिकट पर यात्रा की। जून में रेलवे ने बेटिकट यात्रियों पर जुर्माना लगाकर 12.85 करोड़ रुपये जुटाए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जून 2022 के मुकाबले जून 2023 में आय में 14 फीसदी से ज्यादा इजाफा हुआ है। रेलवे की कमाई तो बढ़ रही है, लेकिन यात्री सुविधाओं में इजाफा नहीं हो रहा है। जून में ट्रेनों की लेटलतीफी और स्टेशनों पर अव्यवस्था केे कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा।



