Bareilly News: दोनों पैर, एक हाथ गंवाने वाली छात्रा के बयान दर्ज, मेडिकल भी कराया
सीबीगंज (बरेली)। ट्रेन के आगे फेंकने से दोनों पैर व एक हाथ गंवाने वाली छात्रा का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर बयान दर्ज किए हैं। अब छात्रा के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष होंगे, फिर उसे वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।
सीबीगंज के एक गांव की इंटर की छात्रा के साथ 10 अक्तूबर की शाम घटना हुई थी। पिता के मुताबिक गांव के ही शोहदे ने रास्ते में रोककर बेटी से छेड़खानी की थी। विरोध करने पर उसे ट्रेन के आगे फेंक दिया था। इससे उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गया था। बरेली के अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। सेप्टिक फैलने के डर से उसके दोनों पैर व एक हाथ दोबारा काटने पड़े हैं।
पिता के मुताबिक सीबीगंज इंस्पेक्टर राधेश्याम और सीओ द्वितीय राजकुमार मिश्रा अस्पताल आए और छात्रा के बयान दर्ज किए। सूत्रों ने बताया कि छात्रा ने यही दोहराया है कि वह रेलवे क्रॉसिंग के रास्ते से अपनी सहेली से किताब लेकर घर लौट रही थी। तभी गांव के विजय ने उसे रोक लिया और छेड़खानी करने लगा। विरोध किया तो उसे रेलवे लाइन पर धक्का दे दिया, इतने में ट्रेन आ गई और उसके साथ अनहोनी हो गई। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी कराया। सूत्रों के मुताबिक मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।



