Bareilly News: धार्मिक टिप्पणी से शीशगढ़ में उबाल, आरोपी का घर घेरा
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sat, 19 Aug 2023 02:56 AM IST
शीशगढ़(बरेली)। इंस्टाग्राम पर किशोर की ओर से की गई धार्मिक टिप्पणी से कस्बे में तनाव फैल गया गया। दूसरे समुदाय की भीड़ ने पहले थाना घेरा, फिर आरोपी के घर पहुंच गई। भीड़ ने तालाबंद घर घेरकर पत्थर फेंके। समझाने पहुंचे सीओ से भी धक्कामुक्की कर दी। देर रात हजारों लोगों की भीड़ घर के सामने मैदान में धरना देने बैठ गई है, कई थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई है।
कस्बे में रामलीला ग्राउंड के सामने रहने वाला शख्स मोबाइल कंपनी का स्थानीय डीलर है। उनका 14 साल का बेटा कक्षा नौ में पढ़ता है। बताते हैं कि बृहस्पतिवार को इंस्टाग्राम पर एक बहस में उनके बेटे ने दूसरे समुदाय को लेकर आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी कर दी। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका स्क्रीनशॉट ले लिया। फिर उस पर तीखे कमेंट लिखकर वायरल किया गया। शुक्रवार शाम तक मेसेज पूरे कस्बे में आग की तरह फैल गया।
रात नौ बजे भीड़ ने पहले थाना घेर लिया। तमाम व्यापारी भी दुकानें बंद कर भीड़ में शामिल हो गए। यहां कुछ लोगों ने थाने के अंदर जाकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। थाने से पुलिस की टीम आरोपी के घर के लिए रवाना हुई तो पीछे से भीड़ भी पहुंच गई। आरोपी के घर में ताला लगा मिला। तब भीड़ ने घर घेरकर पत्थर और चप्पलें फेंकनी शुरू कीं। इस बीच मीरगंज व बहेड़ी सर्किल के थानों की पुलिस मौके पर आ गई। सीओ बहेड़ी तेजवीर सिंह पीएसी लेकर मौके पर पहुंच गए। सीओ ने भीड़ को समझाने की कोशिश की तो उनसे भी धक्कामुक्की की गई। बाद में भीड़ रामलीला ग्राउंड में धरना देने बैठ गई। रात 12 बजे तक धरना जारी था।



