Bareilly News: उपद्रवी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मी पर बलवा व जानलेवा हमले की रिपोर्ट
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सौ फुटा रोड पर अजंता स्वीट्स के पास शराब के नशे में उपद्रव करने वाले जिला अस्पताल के दो डॉक्टरों और एक स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ पुलिस ने दो रिपोर्ट दर्ज की हैं। उपद्रवियों में तीन अज्ञात आरोपी भी हैं। कातिलाना हमला, छेड़खानी और बलवा जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी नगर निवासी सुखवीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा जगजीत सिंह बुधवार देर शाम कार से मिठाई खरीदने अजंता स्वीट्स गया था। जगजीत ने कार पार्क कर दी और दुकान में चला गया। बाहर आया तो उसकी कार के पास दूसरी कार आकर खड़ी हो गई। उसने अपनी कार निकालने के लिए दूसरी कार में सवार लोगों से कार हटाने के लिए कहा। इसी को लेकर शराब के नशे में धुत जिला अस्पताल के डॉ. राहुल बाजपेई, डॉ. वैभव और स्वास्थ्यकर्मी संजीव ने जगजीत को पीटना शुरू कर दिया। उनके साथ तीन अन्य लोग भी थे।
हंगामा होने पर भीड़ जुट गई। डॉक्टरों ने बीच-बचाव की कोशिश करने वालों को भी पीटा। मारपीट में जगजीत की सोने की चेन और घड़ी गायब हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के सिपाही को भी डॉक्टरों ने पीट दिया।
वर्दी फाड़ने, मुख्य आरक्षी को पीटने व महिला सिपाही से छेड़खानी के आरोप में पुलिस की ओर से भी मुकदमा
इज्जतनगर थाने की पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद इरफान की ओर से भी डॉ. वैभव, डॉ. राहुल बाजपेई और स्वास्थ्य कर्मी संजीव कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हेड कांस्टेबल मोहम्मद इरफान ने बताया कि छह सितंबर को रात नौ बजे वह ड्यूटी पर थे। मारपीट की सूचना पर सौ फुटा रोड पहुंचे तो कुछ लोग एक शख्स को पीट रहे थे। उनकी टीम ने बचाने की कोशिश की तो डॉ. वैभव, डॉ. राहुल बाजपेई और स्वास्थ्यकर्मी संजीव कुमार ने उन पर हमला कर दिया। गाली-गलौज करते हुए उनको पीटा। वर्दी भी फाड़ दी। महिला कांस्टेबल के साथ छेड़खानी की। कंट्रेाल रूम को सूचना दी तो पुलिस टीम पहुंची। तब जाकर उनकी जान बची।



