Bareilly News: अस्पताल में गर्भवती और गर्भस्थ शिशु की मौत, हंगामा
फरीदपुर। कस्बे के एक अस्पताल में रविवार शाम को भर्ती कराई गई गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। इसके बाद महिला के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही और जानबूझ कर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को बमुश्किल शांत कराया।
मोहल्ला ऊंचा निवासी राशिद की पत्नी गुड़िया (28) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने रविवार शाम करीब चार बजे कस्बे के ही रहनुमा ग्लेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने कई घंटे तक गुड़िया को भर्ती रखा। बाद में बताया कि गुडिया के गर्भस्थ शिशु की की मौत हो गई। फिर भी उसे रेफर नहीं किया। थोड़ी देर में गुड़िया ने भी दम तोड़ दिया।
इसके बाद उसे रेफर किया गया। परिजन गुड़िया को बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन गुड़िया के शव को एंबुलेंस में रखकर रहनुमा अस्पताल पहुंचे और गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए वहां खूब हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को बमुश्किल शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल संचालक व डॉक्टर की तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिले। बाद में परिजन गुड़िया के शव को घर ले गए। देर रात तक परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी।
20 मरीजों को छोड़कर भागे डॉक्टर-संचालक
गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद अस्पताल संचालक और डॉक्टर वहां से भाग गए। अस्पताल में 20 अन्य मरीज भी भर्ती थे। वहां भर्ती मरीजों को देखने वाला कोई नहीं था और उनकी हालत बिगड़ रही थी। लोगों ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को फोन किया और मरीजों की बिगड़ती हालत के बारे में बताया। देर रात तक मरीजों को देखने के लिए कोई अस्पताल नहीं पहुंचा। अस्पताल में पुलिस तैनात कर दी।
रहनुमा ग्लेज हॉस्पिटल के संचालक डॉ. हामिद ने बताया कि मृत महिला के परिजनों से उनका समझौता हो गया है। इधर, सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि फरीदपुर के रहनुमा ग्लेज हॉस्पिटल में गर्भवती और उसके गर्भस्थ शिश की मौत की सूचना मिली है। सोमवार सुबह टीम भेज कर अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।



