बरेली

Bareilly News: डीजल पंप पर बसों में डीजल भरने में किया जा रहा था घपला

Connect News 24

बरेली। डीजल कटौती के विरोध में सोमवार को रुहेलखंड डिपो के चालकों के कार्य बहिष्कार के बाद मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में एसएम संजय यादव स्वीकार कर रहे हैं कि डीजल पंप पर घपला हो रहा है। यह किसी दशा में नहीं होना चाहिए। वह यह भी कह रहे हैं कि डीजल वालों को बुलाओ, सभी गाड़ियों में नियमानुसार डीजल डाला जाना चाहिए। वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में एसएम संजय यादव कर्मचारी नेताओं से बात कर रहे हैं। रुहेलखंड डिपो के 195 चालकों के वेतन से 2,000 लीटर से ज्यादा डीजल कटौती किए जाने के विरोध में चालकों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार कर दिया था। तीन घंटे तक रोडवेज की 90 बसों के पहिये थमे रहे। चालकों का कार्य बहिष्कार खत्म कराने एसएम संजय यादव वर्कशॉप पहुंचे थे।

यहां वह चालकों से बात कर रहे थे। इस दौरान चालकों ने बसों में डीजल भरने के दौरान हो रही घपलेबाजी को उनके सामने उठाया था। वायरल वीडियो में कई आक्रोशित चालक एसएम को बता रहे हैं कि वर्कशॉप के डीजल पंप से ही बसों में कम डीजल डाला जाता है। एसएम जब इसको लेकर चालकों से बात करते हैं तो कई अन्य चीजें भी सामने आती हैं।

इस पर वह नाराजगी जताते हैं। यह भी चेतावनी देते हैं कि भविष्य में ऐसा किसी दशा में नहीं होना चाहिए। कन्हैया नाम के कर्मचारी का नाम भी इस दौरान लिया जाता है। एक चालक यह भी कह रहा है कि एआरएम खुद डीजल भरवाते हैं तब कम डीजल भरा जाता है।

चालकों के समर्थन में कर्मचारी संगठन मुखर

रुहेलखंड डिपो के 195 चालकों के वेतन से डीजल कटौती को लेकर कर्मचारी संगठन मुखर हो गए हैं। रोडवेज इंप्लाइज यूनियन और संयुक्त परिषद ने कार्रवाई को अधिकारियों की मनमानी बताया है। कर्मचारी नेता देवेंद्र सिंह, रविंद्र पांडेय का कहना है कि कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रबंधन ने जिस तरह से अल्प वेतनभोगी कर्मचारियों पर कार्रवाई की है, वह ठीक नहीं है। जरूरी हुआ तो कर्मचारी हित में आंदोलन किया जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button