Bareilly News: सुरक्षा चाक-चौबंद, मंदिरों पर मौजूद रहेगी एंबुलेंस
बरेली। सावन के पहले सोमवार पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होगी। जिले में 200 प्रशिक्षु दरोगा और 200 हेड कांस्टेबल अलग से तैनात किए गए हैं। महिला सिपाही भी हर शिवालय पर मुस्तैद रहेंगी। हाईवे पर पुलिस सहायता बूथ बनाए गए हैं, रूट डायवर्जन भी लागू रहेगा। सातों नाथ मंदिरों पर स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस रहेगी। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी आवश्यक दवाओं के साथ मौजूद रहेंगे।
सहायता केंद्र पर 24 घंटे रहेगी पुलिस
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि बदायूं व दिल्ली रोड से कांवड़िये शहर में प्रवेश करेंगे। इस लिहाज से करगैना, झुमका चौराहा व सिटी रेलवे स्टेशन के पास पुलिस सहायता बूथ बनाए गए हैं। यहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी।
जत्थों की सुरक्षा थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी
सावन में थाना प्रभारी अपने क्षेत्र से रवाना होने वाले जत्थों को कड़ी सुरक्षा में निकलवाएंगे। जत्थे के दूसरे थाने की सीमा में पहुंचने पर संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी शुरू हो जाएगी। जत्थों के संचालकों को भी खुराफात होने पर जिम्मेदार माना जाएगा। ज्यादा तेज आवाज में डीजे बजाने व किसी अन्य तरह की खुराफात की निगरानी संबंधित थाना प्रभारियों को ही करानी होगी।
आज शाम तक भारी वाहनों पर पाबंदी
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सभी प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। बसों को थोड़ी राहत दी गई है, पर ट्रक व अन्य मालवाहक वाहनों को बदले रूट से निकाला जा रहा है। सोमवार शाम तक डायवर्जन लागू रहेगा। फिर अगले शुक्रवार तक यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।



