बरेली

Bareilly News: अकीदत के साथ मनाया गया शहीदाने कर्बला का चेहल्लुम

Connect News 24

सेंथल। शहीदाने कर्बला का चेहल्लुम बृहस्पतिवार को अकीदत के साथ मनाया गया। पूरे दिन घरों और इमामबाड़ों में मजलिसें आयोजित की गई। देर रात तक मजलिस और नियाज नजर का सिलसिला चलता रहा।

पहली मजलिस इमामबाड़ा खुर्द में हुई। जिसको मौलाना शमशुल हसन लखनवी ने खिताब किया। मजलिस के बाद दरगाह मौला अली से ताजिये का जुलूस इमामबाड़ा कला गया। इसमें डॉ. अकील जैदी असद जैदी, मुस्तैहसन जैदी, लख्ते हैदर, यासीन मेहंदी, मुनीब हुसैन,अहसन आदि शामिल रहे।

दो बजे इमामबाड़ा कला में मजलिस शुरू हुई जिसे अल्लामा शाहीन रजा जैदी ने खिताब करते हुए हजरत इमाम हुसैन और शहीदाने कर्बला के मसाएब बयान किए। मजलिस के बाद ताजिये का जुलूस उठा। जुलूस में अकीदतमंदों ने जंजीर का मातम किया। रसूला तालिब हुसैन, टांडा सादात, लाड़पुर, दुआवट, लाईखेड़ा, पनुआ आदि गांवों के ताजिये भी सेंथल के मुख्य चौराहे पर आकर इमामबाड़ा कला के ताजिये के साथ शामिल हो गए। देर रात या हुसैन की सदाओं के बीच ताजिये कर्बला में दफन किए गए।

बहेड़ी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चेहल्लुम के जुलूस निकाले गए। बुधवार रात इमामबाड़े से अब्दुला चौधरी का ताजिया गश्त पर निकला। बृहस्पतिवार सुबह कस्बा व आसपास के ताजिये निकलने शुरू हुए। दोपहर करीब तीन बजे सकरस, नदेली, परोही, मंडनपुर, डंडिया, पैगा आदि गांव के ताजिये बहेड़ी पहुंचे। नैनीताल रोड पर मेले का आयोजन किया गया। यहां भारी भीड़ नजर आई।

सुरक्षा की दृष्टि से सीओ डॉ. तेजवीर सिंह और इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे। देवरनियां थाना क्षेत्र के संवेदनशील गांव सिंतरा, धर्मपुर और नवादा में शांतिपूर्ण माहौल में ताजिये निकाले गए। देर शाम ताजिये कर्बला से वापस गांव पहुंचे। जुलूस और मेला के चलते रिछा-जहानाबाद मार्ग पर जाम के हालात बने रहे। एसपी ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल ने भी संवेदनशील गांवों का भ्रमण किया।

आंवला के मोहल्ला गौसिया चौक, अंसारी चौक, अनुपुरा आदि स्थानों से ताजियों का जुलुस निकाला गया। सिरौली और हाफिजगंज क्षेत्र में भी शांतिपूर्ण माहौल में चेहल्लुम का जुलूस निकाला गया। मीरगंज में पैगानगरी, रसूलपुर, ठिरिया खुर्द, हल्दी खुर्द और फतेहगंज पश्चिमी के कुरतरा, ठिरिया खेतल आदि गांवों में जुलूस निकाले गए।

बिशारतगंज में लगा मेला

बिशारतगंज। कस्बे में बृहस्पतिवार को ताजियों के जुलूस निकले गए। पुराना बाजार में विशाल मेला लगा जिसमें भारी भीड़ रही। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ मेला स्थल व आसपास के क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की गई। कई स्थानों पर लंगर व शरबत की शबील लगाई गई। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button