बरेली

Bareilly News: थाना प्रभारी ने वीडियो कॉल पर महिला से की गंदी बात, निलंबित हुआ

Connect News 24

बरेली। बारादरी कोतवाली क्षेत्र की महिला को वीडियो कॉल करके गंदी बात करने वाले पीलीभीत के घुंघचाई थाना प्रभारी को एसपी ने निलंबित कर दिया है। महिला की ओर से आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

महिला मंगलवार को एडीजी पीसी मीणा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी के सामने पेश हुई। उसने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके दो छोटे बच्चे हैं। मेहनत करके परिवार का पालन कर रही है। पांच जून को वह बच्चों के साथ घर पर थी। शाम करीब 5:30 बजे उसके नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम राजेंद्र सिंह बताया। कहा- वह दारोगा है। फिर अश्लील बातें शुरू कर दीं। इस पर उसने (महिला ने) फोन काट दिया।

थोड़ी ही देर बाद उसी शख्स ने फिर वीडियो कॉल की और दुष्कर्म की धमकी दी। महिला ने फिर फोन काट दिया। आरोपी ने फिर से वीडियो कॉल करते हुए वर्दी उतार दी और अश्लीलता शुरू कर दी। महिला ने एसएसपी को बताया कि आरोपी की हरकत की फोटो व वीडियो उसके पास है। आरोप लगाया कि वह अन्य लड़कियों को भी शिकार बना चुका है। उनसे भी इसी तरह की हरकतें करता है। महिला ने बताया कि बारादरी थाने में उसने शिकायत की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसी वजह से उच्चाधिकारियों तक बात पहुंचानी पड़ी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने महिला की ओर से दिए मोबाइल नंबर की जांच कराई तो पता चला कि यह पीलीभीत के घुंघचाई थाना के प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही का है। इसके बाद बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। एसएसपी ने पीलीभीत के एसपी अतुल कुमार शर्मा को पूरा प्रकरण बताया। इस पर एसपी ने आरोपी थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

बरेली के थानों में तैनात रह चुका है आरोपी

आरोपी दरोगा राजेंद्र सिंह सिरोही कुछ समय पहले तक बरेली के अलग-अलग थानों में तैनात रह चुका है। वह बारादरी थाने की ही श्यामगंज चौकी का प्रभारी और भमौरा व क्योलड़िया थाने का प्रभारी रहा है। माना जा रहा है कि पुलिस इसी वजह से रिपोर्ट दर्ज करने में हिचक रही थी। घटनाक्रम को लेकर कई और तरह की बातें प्रकाश में आ रही हैं। दरोगा से बात करने का प्रयास किया गया पर उसने फोन बंद कर लिया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button