बरेली

Bareilly News: यातायात माह का सच… 41 जानें गईं, हादसों का शतक

Connect News 24

बरेली। यातायात माह में जागरूकता को लेकर किए गए तमाम प्रयास किए गए, फिर भी सड़क हादसों में कोई कमी नहीं आई है। पुलिस रिकॉर्ड के ही मुताबिक नवंबर माह में 98 हादसे हुए और इनमें 41 लोगों ने जान गंवाई। 95 लोग घायल भी हुए। इनके अलावा तमाम हादसे ऐसे भी हुए, जिनमें मौत या घायल होने के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई नहीं कराई।

पुलिस अफसरों का आकलन है कि कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या सड़क हादसों में होने वाली मौतों से कम है। जिलेभर में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 373 दर्ज है। यदि कोरोना काल के ढाई-तीन वर्षों में इसे एक हजार भी मान लें, तब भी हादसों में मौतों का आंकड़ा अधिक है। वर्ष 2020 में 346, वर्ष 2021 में 421 और वर्ष 2022 में 487 ( कुल 1254) लोगों की मौत हुई।

पांच साल में जिले के अंदर 4917 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमेें 2244 लोग मारे गए और 3962 लोग घायल हो गए। बीते सात वर्षों की बात करें तो जिले में 7188 सड़क दुर्घटनाएं हुई, इनमें 3195 लोग काल के गाल में समा गए और 5562 लोग घायल हो गए।

पूरे यातायात माह जागरूकता अभियान के साथ ही नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। सड़क हादसों में लोगों की मौत का आंकड़ा कुछ कम हुआ है, हालांकि अलग-अलग वजहों से हादसे होते रहे हैं। मुख्य कारण तेज रफ्तार है, पुलिस लोगों को लगातार हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने को जागरूक कर रही है। – राममोहन सिंह, एसपी यातायात

अधिकतर चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगने और पुलिस की तैनाती के बावजूद यातायात माह में भी कई वाहन चालकों ने यातायात नियमों की अनदेखी की। नियम तोड़ने वाले 15,219 वाहनों का चालान कर यातायात पुलिस ने 1.86 करोड़ से ज्यादा रुपये का जुर्माना वसूला।

एसपी यातायात कार्यालय के मुताबिक यातायात माह नवंबर में कुल 15,219 वाहनों के चालान काटे गए। इनमें से 14,557 वाहनों का चालान ऑनलाइन किया गया। इसमें भी दोपहिया वाहनों के 11,925 और चार पहिया वाहनों के 3,294 चालान हुए। सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट लगाने वालों और रेड लाइट का उल्लंघन करने पर किए गए। इधर, यातायात माह की बात करें तो पुलिस का फोकस चालान पर ज्यादा रहा। निर्माण कार्यों में ढील व अनियमितता की वजह से शहर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण व जाम की विभीषिका बनी रही। इसकी वजह से लोगों को धूल के बीच जाम में फंसकर रास्ता पार करना पड़ा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button