Bareilly News: ये गुलाबी मौसम जून में बदलेगा मिजाज, बरसाएगा आग, कमजोर करेगा मानसून
बरेली। कई वर्षों बाद मई में गुलाबी मौसम का आनंद ले रहे लोगों को जून में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने जून में धीमी गति से मानसून हावी होने और बारिश के सामान्य से कम होने की आशंका जताई है। इससे रुहेलखंड और तराई क्षेत्र में तपिश बरकरार रहेगी। फिलहाल सोमवार को हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन मंगलवार से तापमान में तेजी से बढ़त का पूर्वानुमान है।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, अभी जो पश्चिमी विक्षोभ हावी है, उसकी प्रक्रिया एक-दो दिन में कम हो जाएगी। इससे उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने से आसमान साफ रहेगा। मानसून हावी होगा, लेकिन उसे बारिश के लिए अनुकूल माहौल नहीं मिलेगा। लिहाजा, मानसून की बारिश कम होने से तपिश बनी रहेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि अप्रैल के अंतिम दिनों में पश्चिमी विक्षोभ हावी हो गया था। इससे मई की शुरुआत में दस दिन बारिश और बादल मंडराए। 20 मई के बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ घिरा और मौसम अनुकूल रहा। तापमान सामान्य से नौ डिग्री तक कम जा पहुंचा। 10 से 20 मई तक ही गर्मी रही।
आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ गुजरते रहते हैं, जो नॉर्थ से 35 डिग्री ऊपर होते हैं। पर इस बार जो पश्चिमी विक्षोभ गुजरे वे 30 डिग्री के नीचे रहे। इससे पश्चिमी विक्षोभ का पूरा प्रभाव उत्तर प्रदेश पर पड़ा। उन्होंने बताया कि 30 डिग्री से नीचे गुरजने पर अरब सागर से नमी मिली। इसी दौरान बंगाल की खाड़ी से पुरवा हवा प्रदेश पर मंडराने लगीं। अरब सागर के संपर्क में आए विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से उठ रही हवा के समागम से आंधी, जोरदार हवा और बारिश हुई। लिहाजा, मई के महीने में राहत बरसी।
अधिकतम पारा बढ़ा और न्यूनतम में दर्ज हुई गिरावट
शनिवार की सुबह हुई बारिश के बाद न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लिहाजा, रात में लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ। रविवार को सुबह से ही आसमान साफ होने से तेज धूप निकली और अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री की बढ़त के बाद 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 64 फीसदी और पिछले 24 घंटे में 28 मिमी बारिश हुई है।
मौसम इनपुट
अधिकतम : 34.5
न्यूनतम : 19.8
पूर्वानुमान : दिन में बादल मंडराएंगे। हल्की बारिश के आसार हैं।
सूर्याेदय : 5.17 बजे
सूर्यास्त : 7:03 बजे



