Bareilly News: तीन दिन का आश्वासन, बीत गए 13 दिन
बरेली। चौपुला पुल को अटल सेतु से जोड़ने के लिए 14.42 करोड़ रुपये का बजट अभी तक जारी नहीं हो सका। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने आश्वासन दिया था कि कमिश्नर सौम्या अग्रवाल का पत्र मिलने के तीन दिन के भीतर धनराशि आवंटित कर दी जाएगी। मुख्य सचिव 14 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर शहर आए थे।
कैंट क्षेत्र के विधायक संजीव अग्रवाल ने पुल को न जोड़े जाने से हो रही दिक्कतों को मुख्य सचिव के सामने उठाया था। विधायक ने बताया था कि मुख्य सचिव ने कमिश्नर की ओर मुखातिब होते हुए कहा था कि पत्र भेजिए। तीन दिन के भीतर धनराशि जारी कराएंगे। पत्र मुख्य सचिव को जा चुका है। पुराने पत्रों का संदर्भ भी दिया गया है। धनराशि कब तक जारी होगी। इस बात को लेकर अब विधायक भी कुछ स्पष्ट नहीं कह पा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव और सेतु निगम के मुख्य अभियंता से फोन पर बात करके धनराशि आवंटित करने का आग्रह किया है। दोनों अधिकारियों ने फिर आश्वासन दिया है।
ये है परेशानी
अगर किसी वाहन को बदायूं की ओर से शाहजहांपुर व लखनऊ जाना है तो उसे पुराने चौपुला पुल से नीचे उतरकर शहर की सड़क पर आना पड़ता है। इसके बाद ही वह शाहजहांपुर मार्ग आ पाता है। अगर दोनों पुल जुड़ गए होते तो शहर के भीतर सड़क पर आने की मजबूरी न होती।
कोट-
मैंने एक बार प्रमुख सचिव लोक निर्माण और मुख्य अभियंता सेतु निगम से बातचीत की है। अब कमिश्नर से बात करूंगा। शासन में देरी न होने पाए, इसके लिए मेरी पैरवी जारी रहेगी।
संजीव अग्रवाल, विधायक कैंट



