Bareilly News: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर तीन युवक झुलसे, सबस्टेशन पर पथराव
अलीगंज। कम ऊंचाई पर लटक रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बृहस्पतिवार को अलीगंज में तीन युवक झुलस गए। तीनों युवक कस्बे में निकाली जा रही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा में एक ट्रॉली के ऊपर रखे गए डीजे पर बैठे थे। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने अलीगंज बिजली उपकेंद्र पर पथराव कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र के 84 गांवों की बिजली गुल हो गई। देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई थी। डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जन्माष्टमी पर कस्बा में शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसमें 10 हजार लोग शामिल थे। शोभायात्रा जैसे ही अलीगंज थाने के पास पहुंची, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे डीजे पर बैठे अलीगंज निवासी उज्ज्वल, अर्पित और बिशारतगंज निवासी रोहित गोस्वामी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। करंट लगने से तीनों सड़क पर जा गिरे। तुरंत ही उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद शोभायात्रा में शामिल भीड़ भड़क गई। कई लोग सबस्टेशन पहुंच गए। भीड़ को आता देखकर स्टाफ गेट पर ताला लगाकर फरार हो गया। आधे घंटे तक वहां हंगामा हुआ। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने भीड़ को शांत कराया। हादसे के बाद बिना डीजे के शोभायात्रा ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। हादसे के बाद पशुधन मंत्री भी अलीगंज पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से बात की।
डीएम-एसएसपी पहुंचे अस्पताल
झुलसे युवकों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान के साथ एडीएम सिटी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शासन से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
पुलिस और बिजली निगम के अधिकारी आमने-सामने
हादसे के बाद पुलिस और बिजली निगम के अधिकारी आमने-सामने हैं। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि शोभायात्रा के चलते सुबह नौ बजे से शटडाउन लिया गया था। बिजली निगम के अधिकारियों से शोभायात्रा संपन्न होने तक आपूर्ति शुरू नहीं करने के लिए कहा गया था। बावजूद 2:20 बजे आपूर्ति शुरू कर दी गई। वहीं, आंवला के अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश पाल ने बताया कि उपकेंद्र से नलकूप फीडर की आपूर्ति शुरू की गई थी। उस फीडर की लाइन अलीगंज के बाहरी हिस्से में रोड को क्रॉस करती है। शोभायात्रा इस जगह से भी गुजरेगी, इस बारे में हमें नहीं बताया गया था।
जगह-जगह झूल रहे बिजली के तार
कस्बा में जगह-जगह बिजली के तार झूल रहे हैं। डेढ़ महीने पहले व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष आनंद प्रकाश गुप्ता ने सीएम पोर्टल के साथ डीएम और बिजली निगम के अधिकारियों से शिकायत की थी। कस्बे के लोग स्थानीय अधिकारियों से भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
बिजली निगम अधिकारियों ने बंद किए फोन
हादसे के बाद बिजली निगम के स्थानीय अधिकारियों ने अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए। देर शाम तक एसडीओ और उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ का नंबर स्विच ऑफ आता रहा। अवर अभियंता ने कॉल रिसीव नहीं की। शाम चार बजे अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश पाल बिजलीघर पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात एसएसओ को बुलाया मगर वह मौके पर नहीं पहुंचा।
डीएम-एसएसपी से बात की है। मामले की जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। – धर्मपाल सिंह, पशुधन मंत्री
जिस मार्ग से शोभायात्रा गुजरनी थी, उस मार्ग पर आधा शटडाउन क्यों हुआ। कितने हिस्से का शटडाउन लिया गया था, कितने हिस्से का नहीं लिया गया। मानक के हिसाब से बिजली लाइन की ऊंचाई सही थी या नहीं। इन सवालों पर जांच कमेटी और विद्युत सुरक्षा निदेशालय की टीम जांच करेगी। – अशोक कुमार चौरसिया, अधीक्षण अभियंता


