Bareilly News: रात में भी हमलावर हो रहे ”टाइगर” मच्छर
बरेली। डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की डेंगू नियंत्रण टीम ने अंदेशा जताया है कि घराें में पनप रहे डेंगू के मच्छर (टाइगर) रात को भी हमला कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से रात में भी एहतियात बरतने की अपील की है।
सुबह-शाम हल्की ठंड शुरू होने के बाद भी अब तक मच्छरों का डंक थमा नहीं है। ज्यादातर लोगों का मानना है कि डेंगू के वाहक एडीज मच्छर शाम ढलने के बाद नहीं काटते पर यह दावा अधूरा है। सर्वे टीम के मुताबिक एडीज मच्छर रात को भी काटते हैं। घरों में पनप रहे एडीज मच्छर तेज लाइट होने पर दिन के उजाले के भ्रम में रात को भी बाहर निकल सकते हैं। लिहाजा, लोगों को रात में भी मच्छरों से बचाव का इंतजाम करना चाहिए।
आसपास डेंगू के मरीज हैं तो बरते सावधानी
इंटीग्रेटेड डिजीजी सर्विलांस प्रोग्राम के प्रभारी डॉ. मीसम अब्बास के मुताबिक डेंगू के मच्छर सुबह और शाम को सर्वाधिक काटते हैं। दोपहर में और रात आठ बजे के बाद इनके काटने की आशंका कम होती है। पर काटते ही नहीं, ऐसा नहीं है। यह मच्छर तीन फुट से ज्यादा ऊंचा नहीं उड़ सकता पर आसपास कोई व्यक्ति डेंगू की चपेट में है तो अन्य मच्छर उसे काटने के बाद स्वस्थ व्यक्ति को काट लें तो चपेट में आने की आशंका होती है। इसलिए यदि आसपास डेंगू के मरीज हों तो सावधान हो जाएं।
मद्धिम लाइट जलाएं, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने सुबह-शाम पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, घर के आसपास झाड़ियां हैं या जलभराव है तो रात में घर के भीतर मद्धिम लाइट जलाने का सुझाव दिया है। डेंगू के संदिग्ध लक्षण दिखने पर स्वास्थ्य केंद्र पर निशुल्क जांच व इलाज कराने के लिए भी कहा है।
डेंगू की रोकथाम के लिए हेल्पलाइन लाइन नंबर जारी
मच्छरजनित रोगों के इलाज और आयुष्मान योजना संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। डेंगू, मलेरिया के प्रकोप से बचाव और इलाज के लिए एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास के मोबाइल नंबर 9412602773 पर और आयुष्मान संबंधी परेशानियों से निजात के लिए जिला शिकायत प्रबंधक आमिर बेग के मोबाइल नंबर 9759949399 पर कॉल कर सकते हैं।


