बरेली

Bareilly News: ई-बसों की राह में टोल का रोड़ा, बढ़ सकता है किराया

Connect News 24

बरेली। चार नए रूटों पर ई-बसों के संचालन की स्वीकृति मिलने के बाद फरीदपुर और भोजीपुरा रोड पर स्थित टोला प्लाजा इसमें रोड़ा बन गए हैं। इन दोनों रूटों पर सिटी बसों के संचालन के लिए नए सिरे से किराया तय करना पड़ सकता है।

शहर में चार रूटों पर 24 ई-बसों का संचालन हो रहा है। लग्जरी एसी बस होने के बाद भी लोग ऑटो और ई-रिक्शा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे सिटी बस सेवा घाटे में जा रही है। बुधवार को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई सिटी बस सर्विसेज की बैठक में किराया कम करने के साथ ही चार नए रूटों को भी स्वीकृति दी गई थी। इनमें बरेली-शाही, बरेली-फरीदपुर, बरेली-भोजीपुरा और झुमका चौराहा-किला-जंक्शन रूट शामिल हैं। तीन किमी तक 10 रुपये और अधिकतम किराया 55 रुपये निर्धारित किया गया है।

नए रूटों पर बसों के संचालन से पहले सर्वे का काम पूरा हो गया है। बरेली-फरीदपुर और बरेली-भोजीपुरा के बीच नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के टोल प्लाजा हैं। यहां बसों का टोल टैक्स 350 रुपये निर्धारित है। ऐसे में इन दोनों रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू करने से पहले नए सिरे से किराये का निर्धारण करना पड़ सकता है। फिलहाल, सिटी बस सर्विसेज के अधिकारी पुलिस, प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों से संपर्क में हैं।

टोल टैक्स में छूट मिलने की उम्मीद नहीं

सिटी बसों का व्यावसायिक इस्तेमाल होने के चलते टोल टैक्स में छूट मिलने की उम्मीद नहीं है। बस में मौजूद सवारियों की संख्या और सिटी बस सर्विसेज को होने वाले नफा या नुकसान से भी एनएचएआई का कोई सरोकार नहीं। हालांकि, नियमानुसार बसों को कुछ रियायत दी जा सकती है।

भोजीपुरा का 35, फरीदपुर का 55 रुपये है किराया

बुधवार को हुई बैठक में भोजीपुरा का 35 और फरीदपुर का किराया 55 रुपये तय किया गया था। इसमें टोल टैक्स शामिल नहीं किया गया था। किराया तय किए जाने के बाद अब टोल का पेच फंस गया है। ऐसे में इन रूटों का किराया नए सिरे से तय किया जा सकता है।

वर्जन

एनएचएआई के टोल प्लाजा पर व्यावसायिक वाहनों को टैक्स मेें छूट देने का कोई प्रावधान नहीं है। अगर ई-बसें टोल प्लाजा से गुजरती हैं तो उनको टोल टैक्स देना होगा। – बीडी पाठक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button