Bareilly News: टमाटर पेस्ट की आपूर्ति प्रभावित, सॉस की बिक्री बढ़ी
बरेली। टमाटर की बढ़ती कीमत से टमाटर प्यूरी (पेस्ट) का कारोबार प्रभावित होने लगा है। सप्ताहभर से शहर के शॉपिंग मॉल, स्टोर और दुकानों में आपूर्ति नहीं हुई है। लिहाजा सीधे टमाटर के बजाय पेस्ट से स्वाद की उम्मीद लगाए लोग निराश होकर लौट रहे हैं।
जिले में टमाटर की फुटकर कीमतें 240-260 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंची हैं। ऐसे में टमाटर की खरीदारी ज्यादातर घरों में बंद हो गई है। किन्हीं विशेष परिस्थितियों या कभी-कभार बनने वाले पकवान में स्वाद के लिए ही टमाटर की खरीदारी हो रही है। इसका विकल्प बाजार में बिक रही टमाटर प्यूरी यानी टमाटर का पेस्ट बन रहा था। कारोबारियों के मुताबिक, टमाटर की कीमत में उछाल के चलते पिछले दिनों बड़ी तादाद में लोगों ने पेस्ट की खरीदारी दी। लिहाजा स्टॉक खत्म हो गया। सप्ताहभर पहले नए स्टॉक के लिए ऑर्डर दिया गया था। आपूर्ति अब तक नहीं हो सकी है। प्रतिदिन खरीदार पहुंच रहे हैं। उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। आपूर्ति कब तक पटरी पर आएगी इस पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
होटल, रेस्टोरेंट संचालकों ने खूब की खरीदारी
टमाटर महंगे होने से पकवानों की गुणवत्ता बरकरार रखने के लिए थाली महंगी कर नहीं सकते। लिहाजा नुकसान से उबरने के लिए टमाटर का पेस्ट बेहतर विकल्प बना। खरीदारी की और स्टॉक कर लिया। टमाटर की कीमत ढाई सौ के पार है, जबकि बाजार के पेस्ट की कीमत प्रति किलो सवा सौ रुपये है और स्वाद भरपूर।
दाम में गिरावट की फिलहाल उम्मीद कम
डेलापीर मंडी वेजिटेबल एसोसिएशन के अध्यक्ष शुजा उर रहमान के मुताबिक बारिश के चलते टमाटर की फसल बर्बाद हो रही है। रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली और आसपास के जिलों से आपूर्ति कम होने से दाम बढ़ रहे हैं। थोक मंडी में भी टमाटर प्रति किलो करीब 200-220 रुपये तक पहुंच गई है।



