Bareilly News: कल सड़क मार्ग से मुश्किल हो सकता है दिल्ली का सफर
बरेली। शुक्रवार को सड़क मार्ग से दिल्ली का सफर मुश्किल हो सकता है। दरअसल, दिल्ली से सटे साहिबाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैपिड रेल और मेट्रो स्टेशन के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को रोडवेज बसों समेत भारी वाहनों का साहिबाबाद होते हुए दिल्ली की ओर आवागमन प्रतिबंध रहेगा।
बरेली रीजन के सभी डिपो की दिल्ली जाने वाली बसें साहिबाबाद-काैशाम्बी रूट का इस्तेमाल करती हैं। 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ढाई घंटे साहिबाबाद में रहेंगे। हालांकि, उनके आने और जाने का आधिकारिक कार्यक्रम अभी नहीं आया है। इस बीच गाजियाबाद जिला प्रशासन की ओर से साहिबाबाद-कौशांबी रोड को रोडवेज बसों और भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। ऐसे में शुक्रवार को दिल्ली जाने-जाने वाली ट्रेनों पर दबाव बढ़ जाएगा।
साहिबाबाद डिपो के एआरएम राजेश कुमार की ओर से आरएम समेत सभी एआरएम को इस संबंध में पत्र जारी करते हुए कहा गया है कि पुलिस-प्रशासन ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर कौशांबी और साहिबाबाद में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। ऐसे में शुक्रवार को बसें इस क्षेत्र में न भेजें।
बदले रूट से बसों के संचालन पर विचार
20 अक्तूबर को बदले रूट से रोडवेज बसों के संचालन पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान बसों का संचालन डासना से सेक्टर-62 होते हुए गाजीपुर बॉर्डर से आनंद विहार की ओर किया जाएगा। हालांकि, अधिकारियों को अभी इससे संबंधित आदेश का इंतजार है। इस रूट पर बसों का संचालन होने से दिल्ली की दूरी करीब 20 किमी बढ़ने के साथ किराये में भी इजाफा हो जाएगा।
वर्जन
साहिबाबाद में 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री की जनसभा प्रस्तावित है। सुरक्षा कारणों से परिवहन को लेकर कुछ निर्णय लिए गए हैं। मुख्यालय के आदेश का इंतजार है। इस दौरान बसों की संख्या कम करने के साथ नए रूट पर संचालन का विचार किया जा रहा है। – अरुण कुमार वाजपेयी, एआरएम रुहेलखंड डिपो



