Bareilly News: स्ट्रीट लाइटों का ट्रायल पूरा, फिलहाल, रोशन नहीं होगा लाल फाटक पुल
बरेली। लाल फाटक ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइटें लगाने के बाद उनका ट्रायल भी पूरा हो गया है। इसके बाद भी ओवरब्रिज रात में रोशनी से जगमग नहीं हो सकेगा। दरअसल, क्यारा बीडीओ ने संसाधन और तकनीकी स्टाफ नहीं होने का हवाला देते हुए स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने से इन्कार कर दिया है। 20.25 लाख रुपये की लागत से ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइटें लगाने के बाद सेतु निगम ने भी पल्ला झाड़ लिया है।
बदायूं रोड पर लाल फाटक ओवरब्रिज का लोकार्पण छह माह पहले हो गया था, लेकिन इस पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी थीं। स्ट्रीट लाइटों का मामला सेतु निगम, कैंटोनमेंट बोर्ड और क्यारा ब्लाॅक की करेली, चनेहटी और कांधरपुर ग्राम पंचायतों के बीच उलझा रहा। 28 जुलाई को तत्कालीन डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने ओवरब्रिज की स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी क्यारा ब्लॉक को देने का आदेश दिया। इसके बाद सेतु निगम ने 20.25 लाख रुपये की लागत से स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया। काम पूरा होने के बाद सोमवर और मंगलवार को सेतु निगम ने स्ट्रीट लाइटों का ट्रायल भी पूरा कर लिया। इस बीच क्यारा के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को स्ट्रीट लाइटों के हैंडओवर के लिए लिखा गया।
क्यारा बीडीओ ओम प्रकाश ने डीएम को पत्र भेजकर ब्लॉक के पास संसाधन और तकनीकी स्टाफ न होने का हवाला दिया है। अनुरोध किया है कि स्ट्रीट लाइटों का काम किसी अन्य विभाग को दिया जाए।
स्ट्रीट लाइटों के बिजली कनेक्शन को लेकर फंसा पेच
लाल फाटक ओवरब्रिज की स्ट्रीट लाइटों और हर माह आने वाले बिल को लेकर भी पेच फंस गया है। अब तक बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन भी नहीं किया गया है। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता अशोक चौरसिया ने बताया कि लाल फाटक ओवरब्रिज के लिए अब तक कोई कनेक्शन नहीं लिया गया है। अगर बिना कनेक्शन लिए बिजली का इस्तेमाल किया जाता है तो अवैध कनेक्शन कटवाकर कार्रवाई की जाएगी। इधर, सेतु निगम के अफसरों ने भी बिजली कनेक्शन व रखरखाव की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है।
सांसद प्रतिनिधि ने डीएम से की बात
विभागों की खींचतान के बीच मंगलवार को सांसद धर्मेंद्र कश्यप के प्रतिनिधि राहुल कश्यप ने डीएम रविंद्र कुमार समेत क्यारा बीडीओ और सेतु निगम के अधिकारियों से भी बात की। सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि डीएम ने जल्द समस्या के समाधान की बात कही है।
वर्जन
लाल फाटक ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइटों का काम पूरा हो गया है। क्यारा बीडीओ को स्ट्रीट लाइटों को हैंडओवर लेना था पर उन्होंने इन्कार कर दिया है। अब तक बिजली कनेक्शन भी नहीं लिया गया है। सेतु निगम का काम पुल बनाना है। स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव अन्य विभागों की जिम्मेदारी है। – देवम वर्मा, अभियंता, सेतु निगम


